सना, 12 अगस्त (आईएएनएस)। यमन के हूती समूह ने पुष्टि की है कि उसने रणनीतिक महत्व वाले बाब अल-मंदेब स्ट्रेट में एक ऐसे जहाज को निशाना बनाया, जिसे उसने सऊदी अरब का सैन्य उपकरण ले जाने वाला जहाज बताया है। इसके अलावा, समूह ने मोखा और मारीब के सरकारी नियंत्रण वाले इलाकों में सऊदी समर्थित बलों पर भी हमले करने का दावा किया है।
मंगलवार (स्थानीय समय) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी एक बयान में हूती समूहों के सैन्य मीडिया केंद्र ने कहा कि समूह की सेनाओं ने बाब अल-मंदेब में ‘एक सऊदी सैन्य उपकरण परिवहन जहाज’ को निशाना बनाकर एक अभियान चलाया। हालांकि, बयान में जहाज की पहचान नहीं बताई गई और न ही ऑपरेशन के बारे में कोई अतिरिक्त जानकारी दी गई।
‘एक्स’ पर जारी एक अलग बयान में हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारेया ने कहा कि ‘बड़ी संख्या में बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन’ का इस्तेमाल करते हुए मोखा शहर और उत्तर-पूर्वी मारीब प्रांत के तदाविन सैन्य शिविर में मौजूद सैनिक जमावड़ों, हथियार भंडारों और कमांड सेंटरों को निशाना बनाया गया।
सारेया ने दावा किया कि ये हमले ‘सटीक’ थे और इनमें कई लोग हताहत हुए, जिनमें सऊदी कर्मी भी शामिल हैं। हालांकि, सऊदी अरब या यमन की सरकार की ओर से इन दावों की तत्काल कोई पुष्टि नहीं की गई है।
इस बीच, सरकार समर्थक तटरक्षक बल ने एक बयान में कहा कि वाणिज्यिक जहाज ‘तिहामा’ मंगलवार को बाब अल-मंदेब स्ट्रेट से गुजर रहा था, तभी उस पर कई बार मिसाइल हमले किए गए। इन हमलों में छह लोगों की मौत हो गई और दस अन्य घायल हो गए।
बयान के अनुसार, मृतकों में चार चालक दल के सदस्य शामिल थे, जिनमें तीन पाकिस्तानी और एक इंडोनेशियाई नागरिक था। बाकी दो मृतक सरकार समर्थक द्वितीय नौसेना बल ब्रिगेड के सदस्य थे।
बयान में कहा गया कि चालक दल के सात अन्य सदस्य, दो तटरक्षक कर्मी और द्वितीय नौसेना बल ब्रिगेड का एक सदस्य घायल हुआ है। सभी घायलों का इलाज चल रहा है।
बाब अल-मंदेब स्ट्रेट, जो लाल सागर को गल्फ ऑफ एडन से जोड़ता है, दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है। यह अंतरराष्ट्रीय व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद अहम रास्ता माना जाता है।
–आईएएनएस
एवाई/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



