जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपालय मनोज सिन्हा ने बुधवार को सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) से लगे अग्रिम इलाकों का दौरा कर सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल के साथ सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिरीक्षक (आईजी) एन एस जामवाल और अन्य असैनिक अधिकारी थे। उप राज्यपाल ने आईबी से लगी बीएसएफ की बोबिया सीमा चौकी का दौरा किया। अधिकारियों ने मुताबिक जामवाल ने सिन्हा को सीमा प्रभाव ग्रिड, खतरे का आकलन और सीमा सुरक्षा ग्रिड को मजबूत बनाने के लिये किये गए विभिन्न उपायों के बारे में जानकारी दी।
उपराज्यपाल ने बीएसएफ अधिकारियों और कमांडरों के साथ बातचीत की और कहा कि सरकार राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति उनके अतुलनीय योगदान का सम्मान करती है। उन्होंने बीएसएफ द्वारा लोगों के जानमाल की सुरक्षा तथा सीमा पार अपराध को रोकने के लिये अपनाए गए उपायों पर भरोसा जताया।
अधिकारियों ने कहा कि जामवाल ने उपराज्यपाल का ध्यान सीमावर्ती इलाकों में बार-बार बाधित होने वाली विद्युत आपूर्ति की तरफ आकृष्ट किया। उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल ने उनके संज्ञान में लाए गए सभी मामलों के समाधान का आश्वासन दिया और सीमा चौकी के जवानों को खाद्यपदार्थ भी वितरित किये। अपने दौरे के दौरान सिन्हा ने सीमावर्ती गांवों में रहने वाले लोगों से भी बातचीत की।


Download Android App
Download iOS App



