रमजान और मौजूदा कोविड-19 स्थिति के कारण प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती की मां गुलशन नजीर का बयान दर्ज करने की प्रक्रिया टाल दी है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नजीर ने एक अनौपचारिक चैनल के माध्यम से ईडी को इससे अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि अब गुलशन नजीर का बयान कुछ हफ्तों के बाद दर्ज होने की उम्मीद है। नजीर की उम्र 70 साल से ज्यादा हो चुकी है। उन्हें धनशोधन से जुड़े एक मामले में बृहस्पतिवार को एजेंसी के समक्ष पेश होना था। अधिकारियों ने कहा कि एजेंसी कुछ हफ्तों के बाद सुनवाई की अगली तारीख तय करेगी।
महबूबा से भी इस मामले में 25 मार्च को श्रीनगर में पूछताछ की गई थी। उस दिन पांच घंटे की लंबी पूछताछ के बाद, महबूबा ने संवाददाताओं से कहा था कि एनआईए, सीबीआई और ईडी जैसी केंद्रीय एजेंसियों का विपक्ष को चुप कराने के लिए दुरुपयोग किया जा रहा है।
यह मामला धन शोधन निवारण कानून के प्रावधानों के तहत दर्ज किया गया है। यह मामला ईडी द्वारा कम से कम दो डायरियां बरामद करने से जुड़ा हुआ है जिनमें मुख्यमंत्री के विवेकाधीन कोष से किए गए कुछ कथित भुगतान का जिक्र है।


Download Android App
Download iOS App



