तिरंगा उल्टा पकड़ने के आरोप में महबूबा मुफ्ती की बढ़ीं मुश्किलें! थाने पहुंचा मामला

Summary :

Mehbooba Mufti Tiranga Controversy: श्रीनगर में विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित रूप से तिरंगा उल्टा पकड़ने को लेकर पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती विवादों में आ गई हैं। उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उनका बचाव करते हुए कहा कि यह गलती अनजाने में हुई होगी।

Mehbooba Mufti Tiranga Controversy: जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती एक बार फिर विवादों में आ गई हैं। दरअसल, श्रीनगर में हुए एक विरोध प्रदर्शन के दौरान मुफ्ती द्वारा  तिरंगे को उल्टा पकड़े जाने के खिलाफ  पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस घटना से राष्ट्रीय ध्वज का अपमान   हुआ है और लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  यह शिकायत जम्मू के पक्का डंगा थाने में सीनियर  हृदय रोग विशेषज्ञ और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. नीरज शर्मा ने दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू करने की मांग की है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि अगर  जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो महबूबा मुफ्ती के खिलाफ FIR दर्ज की जाए।

अनुच्छेद 370 हटाने के विरोध में हुआ था प्रदर्शन

बता दें, कि बीती मंगलवार शाम श्रीनगर में PDP कार्यालय के बाहर पार्टी की ओर से धरना-प्रदर्शन किया गया था। यह प्रदर्शन केंद्र सरकार द्वारा अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35ए हटाने के फैसले के विरोध में आयोजित किया गया था। इसी दौरान महबूबा मुफ्ती के हाथ में तिरंगा उल्टा  दिखाई दिया, जिसकी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए।

शिकायतकर्ता के अनुसार, वायरल फोटो  और वीडियो में महबूबा मुफ्ती राष्ट्रीय ध्वज को उल्टी दिशा में पकड़े हुए नजर आ रही हैं। आरोप है कि झंडे की केसरिया पट्टी नीचे की ओर दिखाई दे रही थी, जबकि नियमों के अनुसार इसे ऊपर होना चाहिए। शिकायत में कहा गया है कि इस तरह राष्ट्रीय ध्वज को पकड़ना उसके सम्मान के खिलाफ है और इससे देशवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंची है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

पुलिस अधिकारियों के अनुसार शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कोई अंतिम निर्णय या एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि नहीं की है। इस विवाद के बीच जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने महबूबा मुफ्ती का बचाव किया है।

उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि कोई ऐसा नेता, जो पहले राज्य का मुख्यमंत्री रह चुका हो, जानबूझकर राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करेगा। उमर अब्दुल्ला ने कहा कि संभव है यह घटना अनजाने में हुई हो। उनके अनुसार, इसे जानबूझकर किया गया कृत्य मानना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पूरे मामले को सही तरीके से समझना जरूरी है।

मामले पर बनी हुई है राजनीतिक नजर

तिरंगे से जुड़ा यह विवाद अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। एक ओर शिकायतकर्ता कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर महबूबा मुफ्ती के समर्थक इसे अनजाने में हुई गलती बता रहे हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर है, जिसके बाद ही यह स्पष्ट होगा कि इस मामले में आगे क्या कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

यह भी पढ़ें: Article 370 हटने के 7 साल पूरे, PM मोदी बोले- जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विकास का नया अध्याय शुरू हुआ

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।