शेख हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस से बांग्लादेश ने भारत पर जताई आपत्ति, कहा – पड़ेगा दोनों देशों के रिश्तों पर असर

Summary :

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की नई दिल्ली में हुई डिजिटल प्रेस कॉन्फ्रेंस पर ढाका ने कड़ा एतराज जताया है। बांग्लादेशी विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस संबोधन से दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने के प्रयासों पर गलत असर पड़ेगा।

Sheikh Hasina Press Conference

Sheikh Hasina Press Conference : पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की नई दिल्ली में आयोजित डिजिटल प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर बांग्लादेश ने सख्त रुख अपनाया है। बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट कर अपनी गहरी नाराजगी जताई है। ढाका का कहना है कि भारत से हसीना को लाइव संबोधन की इजाजत मिलने से दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने की कोशिशों पर बुरा असर पड़ेगा।

बांग्लादेश ने इसे अपनी संप्रभुता का अपमान करार दिया है। वहीं, इस पूरे विवाद पर भारत सरकार पहले ही अपना रुख साफ कर चुकी है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक यह कार्यक्रम एक निजी मीडिया चैनल का था, जिसमें भारत सरकार की कोई भूमिका या भागीदारी नहीं थी।

बांग्लादेश विदेश मंत्रालय का कड़ा एतराज

ढाका ने अपने बयान में कहा कि गंभीर आरोपों का सामना कर रहीं शेख हसीना को नई दिल्ली से मीडिया के सामने लाइव आने दिया गया, जहां उन्होंने बांग्लादेश और वहां की जनता के खिलाफ बयानबाजी की।

Sheikh Hasina Press Conference

विदेश मंत्रालय का दावा है कि उन्होंने पहले ही भारत सरकार को इस प्रोग्राम के संभावित नुकसान को लेकर आगाह कर दिया था। फिर भी इसे होने दिया गया, जिसका उन्हें गहरा अफसोस है। बांग्लादेश का कहना है कि वे भारत के साथ समानता, आपसी सम्मान और एक-दूसरे के अंदरूनी मामलों में दखल न देने के सिद्धांत पर संबंध आगे बढ़ाना चाहते हैं।

‘मुझे जेल या मौत का खौफ नहीं’ – शेख हसीना

बता दें, 5 अगस्त 2024 को ढाका छोड़कर भारत आईं शेख हसीना ने अपने संबोधन में स्वदेश लौटने का ऐलान किया। अवामी लीग की नेता ने कहा कि उन्हें जेल जाने या जान गंवाने का कोई डर नहीं है और वह जल्द अपने देशवासियों के पास लौटेंगी।

उन्होंने साफ किया कि उनकी यह वापसी किसी सत्ता की भूख के लिए नहीं, बल्कि बांग्लादेश को धर्मनिरपेक्षता, समृद्धि और तरक्की की राह पर वापस लाने के लिए है। इस दौरान उन्होंने भारत को बांग्लादेश का बेहद करीबी और भरोसेमंद दोस्त भी बताया।

यह भी पढ़ें – ‘उत्तर कोरिया से रिश्तों को लेकर दक्षिण कोरिया असमंजस में नहीं’, राष्ट्रपति की सलाह के बाद मंत्रालय ने दी सफाई

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।