श्रीनगर : पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने मंगलवार को अपने सुरक्षाकर्मियों पर नाना मुफ्ती मोहम्मद सईद की चौथी बरसी पर उनकी कब्र पर जाने से रोकने के लिए धक्कामुक्की करने का आरोप लगाया और कहा कि वह अपना सुरक्षा घेरा हटाने की मांग करेंगी।
इल्तिजा ने कहा कि उनके घर पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें उस समय वहां से निकलने से रोका जब वह अनंतनाग जिले के बिजबेहरा में अपने नाना की कब्र पर जाना चाहती थीं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे न केवल रोका गया बल्कि उन सुरक्षाकर्मियों ने मेरे साथ धक्का-मुक्की भी की जिनसे मेरी सुरक्षा की अपेक्षा है। मेरी बांहों और पैर में चोटें आई हैं।’’ इल्तिजा ने कहा कि वह विशेष सुरक्षा समूह (एसएसजी) के निदेशक को पत्र लिखकर अपना सुरक्षा घेरा वापस लेने की मांग करेंगी।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर कुछ दिन में सुरक्षा वापस नहीं ली जाती तो मैं इसके लिए अदालत में जाऊंगी।’’ उन्होंने कहा कि कितनी हास्यास्पद बात है कि केंद्र सरकार कश्मीर में स्थिति सामान्य होने के दावे कर रही है लेकिन वह अपने नाना, देश के पूर्व गृह मंत्री की कब्र पर नहीं जा सकतीं। पीडीपी ने जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद की कब्र पर फातिहा पढ़ने की इजाजत मांगी थी जो नहीं दी गयी।
जब इल्तिजा से पूछा गया कि क्या परिवार के किसी अन्य सदस्य को सईद की कब्र पर जाने की इजाजत दी गयी तो उन्होंने कहा नहीं पता। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे और मेरे मामा तसद्दुक मुफ्ती को जाने की इजाजत नहीं दी गयी।’’ सईद का 7 जनवरी 2016 को दिल्ली में एम्स में निधन हो गया था।


Download Android App
Download iOS App



