जम्मू से मंगलवार को 1,175 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ। पिछले 29 दिनों में 3.20 लाख से ज्यादा श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। अमरनाथ यात्रा का प्रबंधन करने वाले श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) के अधिकारियों ने कहा, “इस साल श्रीअमरनाथजी यात्रा के 29वें दिन 2,055 यात्रियों ने पवित्र गुफा के दर्शन किए। अब तक 3,21,410 तीर्थयात्री पवित्र गुफा में स्थित शिवलिंग के दर्शन कर चुके हैं।”
पुलिस ने कहा कि मंगलवार सुबह 1,175 यात्री सुरक्षा सहित दो काफिलों में भगवती नगर यात्री निवास से घाटी के लिए रवाना हुए। श्रद्धालुओं के अनुसार, कश्मीर में समुद्र तल से 3,888 मीटर ऊपर स्थित अमरनाथ गुफा में बर्फ की विशाल संरचना बनती है जो भगवान शिव की पौराणिक शक्तियों की प्रतीक है।
एसएएसबी के अधिकारियों के अनुसार, यात्रा के दौरान 26 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। इसके अलावा दो स्वयंसेवियों और दो सुरक्षाकर्मियों की भी मौत हो चुकी है। इस साल एक जुलाई को शुरू हुई 45 दिवसीय अमरनाथ यात्रा का समापन 15 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा के साथ होगा।


Download Android App
Download iOS App



