केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी बुधवार को श्रीनगर के लाल चौक गए और वहां के लोगों से कुछ समय तक बातचीत की। नकवी लाल चौक पर रुके और कुछ दुकानदारों व स्थानीय लोगों के साथ बातचीत करने लगे। उन्होंने लोगों से उन समस्याओं के बारे में पूछा, जिसका वे सामना कर रहे हैं। नकवी ने कहा, “सकारात्मक माहौल है और सरकार लोगों के बीच संवाद स्थापित कर सकारात्मकता फैला रही है।”
उन्होंने कहा, “हम परिवर्तन का एक मजबूत वातावरण बनाने के लिए काम कर रहे हैं।” नकवी ने मंगलवार को श्रीनगर के बाहरी इलाके में फकीर हुजरी इलाके का दौरा कर एक सभा को संबोधित किया था। उन्होंने सभा को बताया कि सरकार जम्मू एवं कश्मीर में रोजगार और शैक्षिक अवसरों के लिए काम कर रही है।

नकवी ने यह भी घोषणा की कि अगले एक वर्ष में केंद्र शासित प्रदेश के छात्रों को एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। शनिवार से 36 केंद्रीय मंत्रियों का एक दल जम्मू-कश्मीर का दौरा कर रहा है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी. किशन रेड्डी बुधवार को गांदरबल में एक सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



