करतारपुर जैसी पहल की जरूरत है कश्मीर मुद्दे के हल के लिये : महबूबा

Summary :

सोमवार को पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा कि कश्मीर मुद्दे का हल हिंसा और रक्तपात के बजाए ‘‘करतारपुर जैसी पहल’’ के जरिये किया जा सकता है।

श्रीनगर : सोमवार को पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा कि कश्मीर मुद्दे का हल हिंसा और रक्तपात के बजाए ‘‘करतारपुर जैसी पहल’’ के जरिये किया जा सकता है। पीपुल्‍स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष ने कहा कि जम्मू कश्मीर समस्या के समाधान के लिये साहसिक, ईमानदार और मानवीय पहल की जरूरत है। मुंबई हमला (2008) के 10 साल पूरे होने के दिन इस गलियारे के शिलान्यास का गवाह बनना काफी मायने रखता है।

गौरतलब है कि उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने सोमवार को करतारपुर साहिब गलियारा की आधारशिला भारतीय सरजमीं पर रखी। इसके निर्माण से सिख श्रद्धालुओं के पाकिस्तान में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा दरबार साहिब जाने में सुविधा होगी।

यह गलियारा बनाने का फैसला केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 22 नवंबर को लिया गया था। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान करतारपुर गलियारे के लिये 28 नवंबर को पाकिस्तान की सरजमीं पर इसकी आधारशिला रखेंगे। महबूबा ने बयान में आगे कहा कि पाकिस्तान द्वारा लिया गया फैसला सराहनीय है और हमारे नेतृत्व ने भी वही गरिमा और राजनीतिक गंभीरता दिखाई है।

उन्होंने कहा कि करतारपुर गलियारा खोलने का फैसला कर देश के नेतृत्व ने राजनीतिक गंभीरता प्रदर्शित की है वह भी तब जब देश में कुछ राज्यों में चुनाव हो रहे हैं।

Desk Team