उमर ने मनमोहन के अस्वस्थ होने पर जताया दुख, बोले-संकट की इस घड़ी में आपके मार्गदर्शन की जरुरत

Summary :

अब्दुल्ला ने लिखा, डॉ. मनमोहन सिंह के अस्पताल में भर्ती होने के बारे में सुनकर दुख हुआ। मुझे उम्मीद है कि वह जल्द ही स्वस्थ होंगे और अपने परिवार के साथ घर वापस लौटेंगे।

नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के उपाध्यक्ष एवं जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि इस संकट के दौर में उनके बौद्धिक परामर्श और मार्गदर्शन की बहुत आवश्यकता है। 
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को बीती रविवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने के चलते अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था जहां सोमवार को उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। 


अब्दुल्ला ने ट्वीट करते हुए लिखा, डॉ मनमोहन सिंह के अस्पताल में भर्ती होने के बारे में सुनकर दुख हुआ। मुझे उम्मीद है कि वह जल्द ही स्वस्थ होंगे और अपने परिवार के साथ घर वापस लौटेंगे। संकट के इस दौर में उनके बौद्धिक परामर्श और मार्गदर्शन की बहुत आवश्यकता है।’’ 

पूर्व प्रधानमंत्री को नई दवा के इस्तेमाल से रिएक्शन होने के कारण डॉक्टरों की निगरानी में रखने और जरूरी जांच के लिए उन्हें भर्ती कराया गया था। बुखार के अन्य कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है और उनकी जरूरी देखभाल की जा रही है।” 

Desk Team