जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में पाकिस्तानी बलों ने आज नियंत्रण रेखा (एलओसी) पार से गोलीबारी करके संघर्ष विराम का उल्लंघन किया जिसमें एक जवान शहीद हो गया ।
एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा, पाकिस्तानी सेना ने आज दिन में करीब 12 बजकर 50 मिनट पर कृष्णा घाटी सेक्टर में भारतीय सेना की चौकियों पर बिना उकसावे के गोलीबारी शुरू की। भारतीय सेना ने इसका मजबूती से और प्रभावशाली तरीके से करारा जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि इसी गोलीबारी में, नायक महेंद चेमजंग गंभीर रूप से घायल हो गये और उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रवक्ता ने कहा कि चेमजंग (35) नेपाल के चिलिंगडिन के रहने वाले हैं और उनके परिवार में उनकी पत्नी नयन काला चेमजंग और एक बेटा है।
उन्होंने कहा कि चेमजंग बहादुर और परिपवक्व सैनिक थे। राष्ट्र उनके बलिदान तथा कर्तव्यनिष्ठा के लिए उनका हमेशा आभारी रहेगा। पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की तरफ से गोलीबारी में कल दो नाबालिगों की मौत हुई थी और 12 आम लोग घायल हुए थे।


Download Android App
Download iOS App



