जम्मू में सरकारी हॉस्पिटलों में नर्सिंग स्टाफ की हड़ताल से मरीजों का बुरा हाल

Summary :

जम्मू कश्मीर के जम्मू में सरकारी मेडिकल कॉलेज और इससे जुड़े अस्पतालों की नर्सों ने वेतन में विसंगतियों को दूर करने समेत लंबे वक्त से लंबित मांगों को लेकर आज एक घंटे की सांकेतिक हड़ताल की और प्रदर्शन किया

जम्मू कश्मीर के जम्मू में सरकारी मेडिकल कॉलेज और इससे जुड़े अस्पतालों की नर्सों ने वेतन में विसंगतियों को दूर करने समेत लंबे वक्त से लंबित मांगों को लेकर आज एक घंटे की सांकेतिक हड़ताल की और प्रदर्शन किया।

नर्सें सुबह 11 बजे हड़ताल पर चली गईं और यहां शालामार में श्री महाराज गुलाब सिंह सरकारी अस्पताल के मैदान में इकट्ठा हो गईं और धरना दिया।

अधिकारियों ने बताया कि आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर प्रमुख अस्पतालों में नर्सों की अनुपलब्धता की वजह से सेवाएं बुरी तरह से प्रभावित हुईं।

आपातकालीन सेवाओं को प्रदर्शन के दायरे से बाहर रखा गया था। जम्मू में नर्सिंग एसोसिएशन ने कश्मीर के अपने समकक्षों के आंदोलन का समर्थन करने के लिए एक घंटे की हड़ताल का आह्वान किया था।

एसएमजीएस अस्पताल में नर्सिंग एसोसिएशन की अध्यक्ष परमजीत कौर ने कहा , ‘‘ हम कश्मीर के नर्सिंग एसोसिएशन को अपना समर्थन देते हैं जो लंबित मांगों को लेकर रोजाना एक घंटे की हड़ताल कर रहे हैं। ’’

अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक  करें।

Desk Team