पहलगाम हमले के आतंकियों के पोस्टर जारी, 20 लाख का इनाम घोषित

Summary :

शोपियां में लगे पहलगाम हमले केआतंकियों के पोस्टर

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को 26 पर्यटकों की हत्या करने वाले आतंकियों के पोस्टर जारी किए गए हैं। पुलिस ने जानकारी देने वालों के लिए 20 लाख रुपए का इनाम घोषित किया है। पहलगाम हमले के आरोपियों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। प्रशासन ने त्राल और बिजबेहरा में आतंकियों के घरों को ध्वस्त कर दिया।

जम्‍मू-कश्‍मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को 26 पर्यटकों की निर्मम हत्‍या करने वाले आतंकियों के पोस्‍टर जारी कर दिए गए हैं। शोपियां जिले के विभिन्न इलाकों में आतंकियों के पोस्टर लगाए गए हैं, जिनकी सूचना देने वाले को 20 लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा की गई है। साथ ही पुलिस की तरफ से कहा गया है कि पहलगाम आतंकी हमले में शामिल आरोपियों की सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने पहलगाम हमला मामले में 25 अप्रैल को बड़ी कार्रवाई करते हुए त्राल (पुलवामा) और बिजबेहरा (अनंतनाग) में दो आतंकवादियों के घरों को ध्वस्त कर दिया था। रिपोर्ट के अनुसार, पुलवामा जिले के त्राल में आसिफ शेख और बिजबेहरा में आदिल ठोकर के घरों को विस्फोट करके जमींदोज किया गया था। इन आतंकियों पर 22 अप्रैल को पहलगाम के बैसरन में हुए हमले में शामिल होने का संदेह है।

जम्मू-कश्मीर के सांबा में दिखे ड्रोन, भारतीय वायु रक्षा बलों ने की सटीक कार्रवाई

अनंतनाग जिले का निवासी ठोकर 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए नरसंहार का मुख्य आरोपी है। वह कथित तौर पर 2018 में पाकिस्तान गया था, जहां उसने पिछले साल जम्मू-कश्मीर लौटने से पहले आतंकी प्रशिक्षण लिया था। पुलिस का मानना है कि वह पाकिस्तानी आतंकवादियों के लिए स्थानीय गाइड के तौर पर काम कर रहा था। इसके अलावा, पुलवामा निवासी आसिफ शेख पर इस हमले में शामिल होने का संदेह है। पुलिस ने ठोकर और दो अन्य आतंकवादियों के स्केच जारी किए थे, जिनके पहलगाम हमले में शामिल होने की बात कही जा रही है।

बता दें कि पुलिस ने पहलगाम की बैसरन घाटी में पर्यटकों पर हमला करने वाले तीन आतंकवादियों के पोस्टर (स्केच) जारी किए थे। साथ ही सूचना देने वालों के लिए हर आतंकवादी पर 20-20 लाख रुपए के इनाम की घोषणा की थी। उल्लेखनीय है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान स्थित आतंकियों के ठिकानों को तबाह कर दिया था। इस कार्रवाई में कई आतंकी मारे गए।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.