जम्मू-कश्मीर में बीजेपी नेता लगातार आतंकवादियों की गोलियों का निशाना बन रहे है। इन हमलों पर प्रतिक्रिया देते हुए जम्मू-कश्मीर के बीजेपी अध्यक्ष रविंद्र रैना ने कहा कि कश्मीर घाटी में पार्टी कार्यकर्ताओं पर बढ़ते हमले पाकिस्तान की बढ़ती हताशा को दर्शाते हैं। और पार्टी इस प्रकार की घटनाओं से डरेगी नहीं।
रैना ने कहा, ‘‘इस प्रकार के हमलों में शामिल हमलावर न तो पहले कभी मौत से बच पाए हैं और ना ही भविष्य में उनका जीवन सुरक्षित रहेगा। हम आतंकवादियों की पनाहगाह नहीं बनने देंगे और कश्मीर को आतंकवाद मुक्त बनाएंगे।’’ उन्होंने कहा कि पाकिस्तान इस प्रकार की ‘‘कायराना हरकतों’’ से घाटी में बीजेपी की बढ़ती लोकप्रियता कम नहीं कर सकता।
बज[ नेता ने कहा, ‘‘आज तिरंगा और बीजेपी का झंडा घाटी के चप्पे-चप्पे में पहुंच गया है, जिसके कारण पाकिस्तान हताश हो गया है और उसने अपने आतंकवादियों के जरिए बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमला करना शुरू कर दिया है। हम अपनी गतिविधियां तेज करेंगे और हर घर में तिरंगा एवं पार्टी का झंडा फहराएंगे।’’
उन्होंने नजर पर हमले को कायरतापूर्ण कृत्य करार देते हुए कहा कि पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी हताशा में इस प्रकार के हमले कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में रविवार को आतंकवादियों ने बीजेपी के कार्यकर्ता अब्दुल हामिद नजर को गोली मारकर घायल कर दिया।
नजर तीसरा बीजेपी कार्यकर्ता है, जिसे पिछले एक सप्ताह में आतंकवादियों ने निशाना बनाया है। इससे पहले कुलगाम जिले में एक बीजेपी नेता की हत्या कर दी गई थी और एक अन्य बीजेपी कार्यकर्ता को घायल कर दिया गया था।


Download Android App
Download iOS App



