कश्मीर में सुरक्षा बलों की तैनाती पर शाह फैसल ने खड़े किए सवाल

Summary :

गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को एक आदेश जारी किया है जिसमें जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों की 100 अतिरिक्त कंपनियों को तैनात किए जाने का उल्लेख है।

जम्मू-कश्मीर में केंद्र सरकार के बड़े पैमाने पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के निर्णय पर भारतीय प्रशासनिक सेवा की नौकरी छोड़कर राजनीति में उतरे शाह फैसल ने सवाल खड़े करते हुए कहा है कि घाटी में यह अफवाह जोरों पर है कि कुछ बड़ा भयानक होने वाला है। 
नौकरशाही छोड़कर राजनीति में उतरे और जम्मू कश्मीर पीपुल्स मूवमेंट (जेकेपीएम) का गठन करने वाले शाह फैसल ने ट्विटर पर लिखा, “घाटी में अचानक सुरक्षा बलों की 100 अतिरिक्त कंपनियों की तैनाती के गृह मंत्रालय के फैसले से तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। कोई नहीं जानता कि यह तैनाती क्यों की जा रही है। ऐसी अफवाहें हैं कि घाटी में कुछ भयानक घटित हो सकता है। क्या अनुच्छेद 35 ए को लेकर।” 

गौरतलब है कि गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को एक आदेश जारी किया है जिसमें जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों की 100 अतिरिक्त कंपनियों को तैनात किए जाने का उल्लेख है। इसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 50, सीमा सुरक्षा बल की 10, सशस्त्र सीमा बल की 30 और भारत तिब्बत सीमा पुलिस की 10 कंपनियों की तैनाती की जायेगी। 

मालूम हो कि नरेंद्र मोदी की अगुआई में केंद्र में दूसरी बार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार बनने के बाद से जम्मू-कश्मीर पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी हाल ही में घाटी का दौरा कर चुके हैं।

Desk Team