शोपियां में दूसरे दिन भी रहा जनजीवन प्रभावित

Summary :

तीन आतंकवादी मारे गए थे। जिसमें से एक आईपीएस अधिकारी का भाई भी शामिल है। मुठभेड़ के दौरान सेना को एक जवान भी घायल हो गया था।

दक्षिण कश्मीर के शोपियां में गुरुवार को दूसरे दिन भी जनजीवन प्रभावित रहा। जहां मंगलवार को सुरक्षा बलों और आंतकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी के भाई सहित तीन आतंकवादी मारे गए थे। सूत्रों के अनुसार प्रशासन ने अफवाह फैलने से रोकने के लिए जिले में भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) सहित सभी मोबाइल कंपनियों की इंटरनेट सेवा एहतियात के तौर पर दूसरे दिन भी स्थगित रखी। शोपियां में किसी भी संगठन ने हालांकि हड़ताल का आह्वान नहीं किया है, इसके बावजूद यहां पर दुकानें एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे और सड़कों से वाहन नदारद रहे।

शहर के कुछ मार्गों पर हालांकि निजी वाहनों की आवाजाही देखी गयी। सरकारी दफ्तरों तथा बैंकों में भी कामकाज प्रभावित रहा। ट््यूशन तथा कोचिंग सेंटरों को एहतियात के तौर पर दूसरे दिन भी बंद रखा गया। उल्लेखनीय है कि शोपियां के हेफ शेरमल में मंगलवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में हिजबुल मुजाहिदीन के तीन आतंकवादी मारे गए थे। जिसमें से एक आईपीएस अधिकारी का भाई भी शामिल है। मुठभेड़ के दौरान सेना को एक जवान भी घायल हो गया था।

Desk Team