जम्मू क्षेत्र में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गयी तथा सात अन्य घायल हो गये। पुलिस ने बताया कि डोडा जिले में थथरी इलाके के पुनेजा के पास आज सुबह डोडा से थलेला चिराला जा रहे एक यात्री वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी तथा पांच अन्य घायल हो गये।
मृतकों की पहचान सुनरथावा निवासी युसुफ,बांकन चिराला ओम प्रकाश (चालक),रंडानी निवासी फजल दीन तथा बंजवाह के बालग्रान निवासी पंजाब सिंह के रूप में की गयी है।
एक अन्य घटना में किश्तवाड़ जिले में सुबह एक जीप के पलट जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी। पाडेर से किश्तवाड़ जा रही जीप से नियंत्रण खो देने के कारण यह दुर्घटना हुई जिससे चालक अख्तर हुसैन की मौके पर ही मौत हो गयी। अख्तर किश्तवाड़ के लिंक रोड का निवासी है।
इस बीच,राजौरी जिले के सुंदरबनी चौक पर कल रात एक कार के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के कारण एक महिला की मौत हो गयी और दो अन्य घायल हो गये।
मृतक की पहचान मंजू देवी तथा घायलों की कौशल कुमार तथा योगेश कुमार रूप में की गयी है। सभी सुंदरबनी के ही निवासी हैं। पुलिस ने इन मामलों में अलग-अलग मामला दर्ज किया है।


Download Android App
Download iOS App



