SOG women Team Deployed In Jammu: लोकसभा चुनाव से पहले जम्मू में विशेष कार्रवाई समूह (एसओजी) की महिला कर्मियों के एक छोटे दस्ते को तैनात किया गया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस की इन महिला कर्मियों को आतंकवाद रोधी बल के रूप में विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।
Highlights:
- लोकसभा चुनाव से पहले जम्मू में एसओजी की महिला टीम तैनात की गई
- जम्मू संसदीय क्षेत्र में 26 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होगा
- वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तैनात किया जा रहा
जम्मू संसदीय क्षेत्र में 26 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होगा
स्वचालित हथियारों और बुलेट-प्रूफ जैकेट से लैस आठ सदस्यीय टीम को एक बख्तरबंद वाहन में गश्त करते और शहर के विभिन्न हिस्सों में तलाश अभियान चलाते और वाहनों की जांच करते देखा जा सकता है। पुलिस अधीक्षक (संचालन) कामेश्वर पुरी ने बताया, ‘‘ इलाके में तैनात होने से पहले दस्ते के सदस्यों को तीन महीने का कठिन प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें नियमित मोटर वाहन जांच, क्षेत्र में नियंत्रण रखने और राजमार्ग पर गश्त करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।’’
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तैनात किया जा रहा
उन्होंने कहा कि उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तैनात किया जा रहा है और टीम जमीन पर एसओजी की ताकत बढ़ाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘यह महिला सशक्तीकरण का एक उदाहरण है और उनकी उपस्थिति हमें जमीनी चुनौतियों से बेहतर तरीके से निपटने में मदद करेगी क्योंकि वे अपने पुरुष समकक्षों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगी।’’
‘यह चुनाव का समय है और कड़ी निगरानी रखी जा रही’
इस बीच, सिधरा बाईपास, कुंजवानी और गुज्जर नगर में महिला पुलिस कर्मियों की मौजूदगी ने लोगों का ध्यान खींचा और उन्होंने इस नियुक्ति का स्वागत किया। जम्मू शहर के निवासी दलीप कुमार ने कहा, ‘‘यह चुनाव का समय है और कड़ी निगरानी रखी जा रही है जो हम सभी के लिए बहुत अच्छा है। विशेष रूप से चौकियों पर महिला कर्मियों की उपस्थिति से महिला यात्री सहज महसूस करती है।’’


Download Android App
Download iOS App



