जम्मू एवं कश्मीर में मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है जिसमें एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एक शहीद पुलिस निरीक्षक अरशद खान के बेटे को लेते हुए रो रहे हैं। यह तस्वीर सोमवार को श्रीनगर स्थित जिला पुलिस लाइन्स पुलिस निरीक्षक अरशद खान के श्रद्धांजलि समारोह की है जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हसीब मुगल अरशद के चार वर्षीय बेटे उहबान को गोद में लिए हुए रो रहे हैं।
अरशद खान का रविवार को नई दिल्ली स्थित एम्स में निधन हो गया था। खान पिछले बुधवार अनंतनाग नगर के के.पी. मार्ग क्षेत्र में पाकिस्तानी आतंकवादी के फिदायीन हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हमले में सीआरपीएफ के पांच जवान मौके पर ही शहीद हो गए थे, इसके अलावा हमलावर भी मारा गया था।
खान अनंतनाग नगर में सदर पुलिस स्टेशन में स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) के तौर पर तैनात थे। खान के परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटे, माता-पिता और छोटा भाई हैं। वह श्रीनगर के रहने वाले थे और राज्य पुलिस में 2002 में भर्ती हुए थे।


Download Android App
Download iOS App



