प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों के वित्तपोषण से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के तहत अलगावादी नेता शब्बीर शाह का श्रीनगर स्थित घर कुर्क कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 21.80 लाख रुपये मूल्य का यह घर श्रीनगर के बरजुल्ला थाना क्षेत्र के सनत नगर की बोत्शाह कॉलोनी में स्थित है।
शाह के विरूद्ध धनशोधन का मामला राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) द्वारा मई 2017 में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के प्रमुख हाफिज़ सईद और अन्य के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज प्राथमिकी से उपजा है।
अशांति फैलाने के प्रयासों में था शामिल
प्रवर्तन निदेशालय ने एक बयान में कहा, ‘‘शब्बीर अहमद शाह, घाटी में पथराव, जुलूस, विरोध, बंद, हड़ताल तथा अन्य विध्वंसक गतिविधियों के माध्यम से यहां अशांति फैलाने के प्रयासों में सक्रिय रूप से शामिल था।’’ बयान में कहा गया, ‘‘वह प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन हिज़्ब-उल-मुजाहिदीन (HM) और पाकिस्तान में स्थित अन्य संगठनों से हवाला और विभिन्न अन्य तरीकों से धन हासिल कर रहा था। इस धन का उपयोग कश्मीर घाटी में आतंकवादी गतिविधियों को वित्त पोषित करने के लिए किया जा रहा था।’’


Download Android App
Download iOS App



