जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के कवदारा इलाके में संदिग्ध आतंकवादियों ने सीआरपीएफ के जवानों पर शनिवार को एक ग्रेनेड फेंका जिसमें 16 वर्षीय किशोर घायल हो गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ग्रेनेड अपने तय लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाया और सड़क किनारे इसमें विस्फोट हो गया। इस दौरान सीआरपीएफ का कोई जवान हताहत नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि अज्ञात आतंकवादियों ने शहर के अंदरूनी इलाके में कवदारा में तैनात सीआरपीएफ कर्मियों को निशाना बनाकर दोपहर को ग्रेनेड फेंका जिसके बाद लोगों के बीच अफता-तफरी मच गई। अधिकारी ने बताया कि इस दौरान सड़क पर चल रहा एक किशोर छर्रे लगने से मामूली रूप से घायल हो गया।
उन्होंने बताया कि हमले में दो निजी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारी ने बताया कि किशोर को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि विस्फोट के तत्काल बाद इलाके की घेरेबंदी कर दी गई ताकि आतंकवादियों को पकड़ा जा सके। अभी तक किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।


Download Android App
Download iOS App



