लॉकडाउन के 11 महीने बाद कश्मीर घाटी में एकबार फिर ट्रेन सेवा बहाल, पर्यटन को मिलेगा प्रोत्साहन

Summary :

कोविड-19 महामारी के कारण करीब 11 महीने से स्थगित ट्रेन सेवा कश्मीर घाटी में सोमवार को बहाल कर दी गयी।

कोविड-19 महामारी के कारण करीब 11 महीने से स्थगित ट्रेन सेवा कश्मीर घाटी में सोमवार को बहाल कर दी गयी। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि इससे आवागमन की सुविधा बढ़ेगी और पर्यटन क्षेत्र को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। गोयल ने ट्वीट किया, ‘‘रेलवे 22 फरवरी से कश्मीर घाटी में बनिहाल-बारामूला खंड पर 2 ट्रेनों का परिचालन शुरू करने के साथ सेवा बहाल कर रहा है।’’

इससे पहले रेलवे ने कहा कि सभी ट्रेनों के परिचालन के लिए कोई तिथि तय नहीं की गयी है। रेलवे चरणबद्ध तरीके से ट्रेन सेवाओं की संख्या में बढ़ोतरी कर रहा है। रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा,‘‘पहले से ही 65 प्रतिशत ट्रेनें चल रही हैं। जनवरी में 250 से अधिक ट्रेनें बढ़ायी गयीं और इसके बाद चरणबद्ध तरीके से ट्रेनों की संख्या और बढ़ायी जाएगी।’’ 
वर्तमान में देश भर में कुछ उपनगरीय ट्रेन सेवाओं के साथ सिर्फ स्पेशल ट्रेनें चल रही हैं जो पूरी तरह से आरक्षित होती हैं। देश में पिछले साल लॉकडाउन की घोषणा के बाद 25 मार्च से सभी नियमित ट्रेन सेवाएं बंद कर दी गयी थीं।

Desk Team