जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों के दो सहयोगी गिरफ्तार

Summary :

जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों के दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर उनके पास से अपराध में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है।

जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों के दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर उनके पास से अपराध में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि सुरक्षा बलों ने गुप्त जानकारी के आधार पर लालू शेशगरी हैदरपुर में संयुक्त अभियान चलाकर लश्कर आतंकवादियों के इन सहयोगियों को गिरफ्तार किया।
इनकी पहचान लालू शेशगरी हैदरपुर के निवासी आकिब अहमद वानी और नादिरगुंड हमहमा के निवासी आदिल मंजूर मीर के रूप में हुई है। प्रवक्ता ने कहा कि प्रारंभिक जांच के दौरान पता चला कि दोनों मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के लालू शेशगरी हैदरपुर और हमहमा में सक्रिय लश्कर के आतंकवादियों को पनाह, साजो-सामान और अन्य सामग्री मुहैया करा रहे थे।
प्रवक्ता ने कहा कि यह भी पता चला है कि वे विभिन्न सोशल मीडिया प्लेफॉर्मों के जरिये पाकिस्तान स्थित आंतकी कमांडरों के संपर्क में थे। प्रवक्ता ने कहा कि उनके पास से लश्कर से संबंधित अपराध में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई है। मामले की आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

Desk Team