पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस के प्रदर्शन पर बधाई दी है और कहा कि लोगों ने “विध्वंसकारी एवं विभाजनकारी बलों” को खारिज कर दिया है। ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस का पश्चिम बंगाल में फिर से सत्ता में लौटना तय है जहां मौजूदा रुझानों के मुताबिक उसके प्रत्याशी राज्य की 292 सीटों में से 200 से अधिक पर बढ़त बनाए हुए हैं।
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, “ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस को आज मिली जबर्दस्त जीत पर बधाई। पश्चिम बंगाल के लोग “विध्वंसकारी एवं विभाजनकारी बलों” को खारिज करने के लिए प्रशंसा के पात्र हैं।”
इससे पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में जारी मतगणना के रुझानों में तृणमूल कांग्रेस के भाजपा से कहीं आगे निकल जाने पर ममता बनर्जी को बधाई दी है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) 292 सीटों में से 202 सीटों पर आगे चल रही है जो बहुमत के 147 के आंकड़े से कहीं ज्यादा है जबकि भाजपा को महज 77 सीटों पर बढ़त मिली है।
महाराष्ट्र में शिवसेना और कांग्रेस के साथ सत्ता साझा करने वाली राकांपा के प्रमुख ने कहा, “ममता बनर्जी आपको शानदार जीत पर बधाई। लोगों के कल्याण के लिए और मिलजुल कर वैश्विक महामारी से निपटने की दिशा में काम जारी रखेंगे।”
तृणमूल कांग्रेस ने भले ही भाजपा की चुनौती को सफलता से पार कर लिया है लेकिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए यह थोड़ा सा कड़वा क्षण हो सकता है, क्योंकि रुझानों में वह कभी अपने सहयोगी रहे और अब भाजपा के प्रत्याशी बने शुभेंदु अधिकारी से नंदीग्राम में फिलहाल पीछे चल रही हैं। वोट शेयर के लिहाज से, टीएमसी को 48.5 प्रतिशत मत जबकि भाजपा को 37.4 प्रतिशत मत मिले हैं।


Download Android App
Download iOS App



