Deoghar ATM Robbery: झारखंड के देवघर जिले में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां नंदन पहाड़ मोहल्ले में सेवा धाम के पास लगे भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एटीएम को चोर उखाड़कर अपने साथ ले गए। यह घटना मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। चोरी की इस वारदात के बाद इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के मुताबिक, चोरों ने सबसे पहले एटीएम कक्ष के शटर को गैस कटर की मदद से काटा। इसके बाद वे अंदर दाखिल हुए और वहां लगी पूरी एटीएम मशीन को बाहर निकाल लिया।
चोरों ने मशीन को किसी गाड़ी में सीधे लोड नहीं किया, बल्कि उसे कुछ दूरी तक सड़क पर घसीटते हुए ले गए। बताया जा रहा है कि करीब 500 मीटर तक एटीएम मशीन को टोचन करके ले जाया गया। इसके बाद चोरों ने मशीन को एक चारपहिया वाहन में लोड किया और मौके से फरार हो गए। वाहन के इनोवा होने की बात सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
करीब 7 लोगों ने दिया वारदात को अंजाम
स्थानीय जानकारी के अनुसार, इस घटना में करीब सात लोग शामिल थे। सभी आरोपियों ने अपने चेहरे गमछे से ढक रखे थे, ताकि उनकी पहचान न हो सके। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड होने की बात कही जा रही है। पुलिस अब इन कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चोर किस रास्ते से वहां पहुंचे और चोरी के बाद किस दिशा में भागे।
एटीएम चोरी की जानकारी मिलने के बाद नगर थाना की पीसीआर वैन तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चोरों ने वारदात की पहले से योजना बनाई थी या नहीं।
रात में नहीं रहता सुरक्षा गार्ड
स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के समय एटीएम बंद कर दिया जाता है। इसी वजह से वहां कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं रहता था। चोरों ने इसका फायदा उठाया और रात के अंधेरे में एटीएम मशीन को निशाना बनाया।
बताया जा रहा है कि एटीएम कक्ष में सीसीटीवी कैमरा और हूटर जैसी सुरक्षा व्यवस्था मौजूद थी। इसके बावजूद चोरी के दौरान हूटर नहीं बजा। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि वारदात के समय हूटर ने काम क्यों नहीं किया।
ATM में कितनी नकदी थी, अभी साफ नहीं
चोर अपने साथ पूरी एटीएम मशीन ही ले गए हैं। ऐसे में मशीन के अंदर उस समय कितनी नकदी मौजूद थी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। एटीएम में रखी रकम की सही जानकारी बैंक अधिकारियों या एटीएम में कैश डालने वाली एजेंसी से मिलने की उम्मीद है। पुलिस इस संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। आशंका है कि मशीन में अच्छी-खासी रकम हो सकती है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर भी जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें: साहिबगंज में युवक की हत्या का खुलासा, चचेरा भाई अरेस्ट, आपसी दुश्मनी में चाकू से काटा था गला


Download Android App
Download iOS App




