ओम के उच्चारण से दिल और दिमाग को मिलते हैं अनोखे फायदे: भाग्यश्री

Summary :

तनाव दूर करने में मददगार है ओम का उच्चारण: भाग्यश्री

भाग्यश्री स्वास्थ्य को लेकर खासा एक्टिव रहती हैं। उन्हें न केवल अपने बल्कि प्रशंसकों के स्वास्थ्य की भी चिंता रहती है। सोशल मीडिया पर ‘मंगलवार हेल्थ टिप्स’ पोस्ट को शेयर करते हुए अभिनेत्री ने बताया कि दिल और दिमाग के लिए ओम का उच्चारण फायदेमंद होता है। यह तनाव को दूर करने के साथ ही फेफड़े और दिल को भी स्वस्थ रखता है।

इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए भाग्यश्री ने कैप्शन में लिखा, “ओम! जागृति की ध्वनि है। ओम का वाइब्रेशन आपके तंत्रिका तंत्र, चक्रों, आपके शरीर के न्यूरॉन को खोलने का सही तरीका है। ब्रह्मांड में भेजे गए इस शब्द के कंपन से स्थिरता, शांति और फोकस आता है। चाहे शरीर की एक्टिविटीज हों या ध्यान, यह सब कुछ एक इसके उच्चारण से आप ला सकते हैं।”

वहीं, शेयर किए गए वीडियो में भाग्यश्री कहती नजर आईं, “अगर आपके इंद्रियों को सुबह से जुड़ना है तो जितने लंबे समय तक आप ओम कह सकते हैं, इसे जरूर कीजिए, उसका सीधा सकारात्मक असर आपके दिल और फेफड़ों पर पड़ता है।”

भाग्यश्री ने सहजता के साथ प्रक्रिया भी बताई। उन्होंने बताया, “ओम का उच्चारण करते हुए धीरे-धीरे सांस लेकर फिर धीरे इसे छोड़ दीजिए, यह प्रक्रिया आपके दिल को स्वस्थ रखती है और स्ट्रेस भी दूर भागता है। यह प्रक्रिया वेगस नर्व के फंक्शन को भी मजबूत करती है। वेगस नर्व आपके दिल और फेफड़ों को नियंत्रित करती है। यही नहीं, यह आपके नर्वस सिस्टम तक सिग्नल्स भी पहुंचाती है। यानी कि जब आप ओम का उच्चारण करते हैं, तो आपका पूरा शरीर जागृत हो जाता है।”

इससे पहले भाग्यश्री ने एक पोस्ट में हेल्थ सीक्रेट भी बताया था। सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए भाग्यश्री ने बताया कि वह हर दिन सुबह खाली पेट एक खास चीज खाती हैं और वो है भीगे हुए मेथी के दाने। अभिनेत्री ने बताया कि वह सालों से इस आदत को फॉलो कर रही हैं और इसकी वजह से उनकी त्वचा, बाल और एनर्जी लेवल आज भी पहले जैसा बना हुआ है। यह कई समस्याओं को दूर करता है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.