Food Divorce Trend in Couples: प्यार कम हुआ या फिटनेस की जिद? क्या है कपल्स के बीच वायरल हो रहा ‘फूड डिवोर्स’ ट्रेंड?

Summary :

यह आर्टिकल 'फूड डिवोर्स' नाम के नए ट्रेंड के बारे में है, जो आजकल जोड़ों के बीच देखने को मिल रहा है। बदलती जीवनशैली और खाने-पीने की आदतों की वजह से यह चलन बढ़ रहा है। फूड डिवोर्स का मतलब है कि जोड़ों को हर दिन एक जैसा खाना खाने या एक साथ खाने की कोई मजबूरी नहीं होती। वे अपनी पसंद का खाना और खाने का समय खुद चुन सकते हैं। इसका यह बिल्कुल मतलब नहीं है कि उनके रिश्ते में कोई दूरियां आ गई हैं।

Food Divorce Trend in Couples: बदलते समय के साथ लोगों की लाइफस्टाइल और खान-पान में कई बदलाव भी देखने को मिलते हैं।आजकल रिलेशनशिप में भी कई सारे सोशल मीडिया ट्रेंड्स आने लगे हैं। समय के साथ इसमें भी नई-नई चीजें देखने और सुनने को मिलती है। रिश्ते निभाने के तौर-तरीके काफी हद तक बदल चुके हैं। हर दिन नया ट्रेंड आ जाता है। ऐसे में फूड डिवोर्स नाम का एक ट्रेंड भी इन दिनों काफी देखा जा रहा है। चलिए जानते हैं कि फूड डिवोर्स क्या है और कपल्स इसे क्यों फॉलो कर रहे हैं।

क्या है Food Divorce ट्रेंड?

Food Divorce Trend in Couples
Food Divorce Trend in Couples (Magnific)

फूड डिवोर्स का मतलब है कि कपल्स को हर रोज एक ही जैसा खाना खाने की जरूरत नहीं है। अगर एक पार्टनर चावल-दाल खाना चाहता है और दूसरे का मन नूडल्स खाने का है, तो दोनों अपनी-अपनी पसंद का खाना चुन सकते हैं। इसी तरह दोनों अलग-अलग टाइम पर भी खाना खा सकते हैं। इसका यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि उनके रिश्ते में दूरी आ गई है।

क्या हैं फूड डिवोर्स की वजहें?

कपल्स के बीच फूड डिवोर्स की कई वजहें हैं। फिटनेस गोल इसमें सबसे मुख्य कारण है, क्योंकि हर इंसान के शरीर को प्रोटीन, विटामिन और कैलोरी की अलग-अलग जरूरत होती है। इसलिए वे अपने डाइट प्लान के हिसाब से खाना खाते हैं।

समय की कमी भी इसकी एक बड़ी वजह है। कई कपल्स में दोनों काम करते हैं और ऑफिस की शिफ्ट अलग होने के कारण वे चाहकर भी साथ नहीं खा पाते। ऐसे में बहस करने के बजाय वे अपनी खाने की आदतों को अलग-अलग रखना बेहतर समझते हैं।

क्या अलग खाना रिश्ते के लिए खराब है?

अगर दोनों अपनी खुशी से अलग खाना खा रहे हैं और इससे रिश्ते पर बुरा असर नहीं पड़ रहा, तो कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन अगर अलग खाने के साथ-साथ दोनों आपस में बातचीत करना या साथ वक्त बिताना भी कम कर रहे हैं, तो इस पर ध्यान देना जरूरी है।

फूड डिवोर्स के फायदे और नुकसान

Food Divorce Trend in Couples
Food Divorce Trend in Couples(Magnific)

फूड डिवोर्स के फायदे की बात करें तो यह मेंटल स्ट्रेस को कम करता है। टाइम न होने पर कपल्स खाने को लेकर एक-दूसरे से शिकायत नहीं करते और अपनी फिटनेस पर बेहतर ध्यान दे पाते हैं।

नुकसान ये हैं कि इंडियन फैमिलीज़ में लोग साथ बैठकर खाना पसंद करते हैं क्योंकि खाने को इमोशंस से जोड़कर देखा जाता है। ऐसे में अलग-अलग खाने से कपल्स के बीच दूरी आ सकती है।

फूड डिवोर्स का ट्रेंड क्यों बढ़ा?

आजकल खान-पान से जुड़ा फूड डिवोर्स का ट्रेंड इसलिए तेजी से बढ़ रहा है क्योंकि लोग अपनी सेहत और फिटनेस को लेकर बहुत जागरूक हो गए हैं। जब पति-पत्नी या पार्टनर की खाने-पीने की आदतें अलग होती हैं तो दोनों अपनी-अपनी पसंद का अलग खाना चुनना बेहतर समझते हैं ताकि किसी को परेशानी न हो।

Khushi Srivastava

खुशी श्रीवास्तव मीडिया इंडस्ट्री में करीब 3 साल का अनुभव रखती हैं। वायरल कंटेंट, लाइफस्टाइल, हेल्थ और वास्तु शास्त्र टिप्स पर प्रमुखता से काम किया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद पहली बार पत्रकारिता के श्रेत्र में कदम रखा। इसके बाद अमर उजाला प्रिंट (प्रयागराज) में इंटर्नशिप की। फिलहाल खुशी, पंजाब केसरी दिल्ली के डिजिटल प्लैटफॉर्म के लिए कंटेंट राइटिंग का काम करती हैं।