भोपाल: कॉलेज बस को ट्रक ने टक्कर मारी, एक छात्र की मौत

Summary :

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हुआ है।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हुआ है। जिसमें तेज रफ्तार ट्रक ने कॉलेज बस को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई है जबकि दो प्रोफेसर सहित 35 छात्र घायल हुए हैं। बता दें, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के पिछले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। बस में पीपुल्स इंजीनियरिंग कॉलेज के 51 छात्र और 4 स्टाफ सदस्य मौजूद थे, जो IISER कॉलेज का दौरा कर वापस लौट रहे थे।

घायल छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया

घायल छात्रों को भोपाल के सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक की मौत हो गई है और कुछ छात्रों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में बिरसिंहपुर पाली निवासी विनीत साहू की मौत हो गई है। जबकि, विमल यादव और शिवम लोधी गंभीर रूप से घायल हैं। पीपुल्स हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है। 29 स्टूडेंट्स को साधारण चोट है। 13 लोग सुरक्षित हैं।

घटना के बाद यातायात बाधित

बता दें कि घटना के कारण भौंरी बायपास पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा, जिसके बाद में सामान्य कर दिया गया। इस हादसे ने इलाके में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने और छात्रों के परिजनों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने और सुरक्षा उपायों की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Team Desk