भाजपा की नीतियों से प्रभाव‍ित होकर पार्टी में शामि‍ल हुए कांग्रेस नेता : विश्वास सारंग

Summary :

कांग्रेस नेता भाजपा की नीतियों से हुए प्रभावित, विश्वास सारंग का बयान

मध्य प्रदेश के सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के पार्टी नेताओं के भाजपा में जाने को लेकर दिए गए बयान पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता भाजपा की नीतियों के कारण पार्टी में आए हैं।

सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने जबलपुर में संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि आश्चर्य होता है कि जिस पार्टी का दुकान और शोरूम बंद हो गया, उसमें अभी तक इतनी अकड़ है। उन्हें सोचना चाहिए कि उनके नेता पार्टी छोड़कर आखिर क्यों गए, इस पर विचार करना चाहिए। उनके पास न तो नीति है, न नेता है और न ही नीयत है।

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए विश्वास सारंग ने कहा कि कांग्रेस के पास नीति नहीं, नीयत खराब है और नेता की कमी है। अब आप मिट्टी के माधव बनाकर प्रदेश चलाओगे तो चलेगा नहीं, भाजपा सत्ता में है और सकारात्मक बात करने वाला विपक्ष चाहती है। हम उस विचार वाले नहीं हैं कि विपक्ष को पूरी तरह समाप्त कर दिया जाए।

उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें मध्य प्रदेश की आबोहवा को समझना चाहिए, राजनीति को समझना चाहिए। जहां तक कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आने की बात है तो जो लोग भाजपा के साथ आए, वे इस देश के प्रति अपनी कृतज्ञता ज्ञापित करना चाहते हैं, इसलिए भाजपा में आए। किसी पद के कारण नहीं है, बहुत से साथी हैं जो विधायक बने, मंत्री नहीं बन पाए, फिर भी भाजपा में हैं। इसका मतलब कि वे किसी पद की लालच में नहीं, बल्कि विचार के कारण आए थे और कांग्रेस को विचार करना चाहिए कि उनकी यह गत क्यों बन गई।राज्य में कांग्रेस ने हरीश चैधरी को प्रभारी बनाकर भेजा है, वे कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। एक बैठक में उन्होंने कहा था कि जिन लोगों को पार्टी छोड़नी थी, वे जा चुके हैं। अब पार्टी के सच्चे सिपाही बचे हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.