प्रदेश में पांच लाख मह‍िलाएं बनीं लखपत‍ि दीदी : सीएम मोहन यादव

Summary :

महिलाओं को उद्योग लगाने में मिलेगा विशेष आरक्षण: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में करीब पांच लाख महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं, जो अच्छी पहल है। इससे अन्य महिलाएं भी प्रेरित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योग लगाने के लिए महिलाओं को विशेष आरक्षण दिया जा रहा है, जिससे उन्हें ज्यादा से ज्यादा फायदा मिल सके।

इसके पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने धर्मांतरण को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जबरन या धोखे से धर्म परिवर्तन कराने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी और सरकार धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम में फांसी की सजा तक का प्रावधान करने जा रही है।

महिला दिवस के अवसर पर सीएम मोहन यादव ने कहा, “प्रदेश में जबरन धर्मांतरण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। हमारी सरकार ऐसे तत्वों को सख्त से सख्त सजा देने के लिए कानून में बदलाव करने जा रही है।” उन्होंने साफ किया कि धर्मांतरण रोकने के लिए कठोरतम दंड का प्रावधान किया जाएगा, ताकि कोई भी व्यक्ति छल, बल या प्रलोभन देकर किसी का धर्म परिवर्तन न करा सके।

महिला दिवस के अवसर पर महिला बाल विकास, पुलिस और ग्रामीण विकास विभाग की संयुक्त बैठक हुई। इस दौरान महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई और योजनाओं को लेकर रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि महिलाओं के खाते में सिंगल क्लिक से पैसे ट्रांसफर किए गए। उज्जवला योजना के तहत सब्सिडी प्राप्त करने वाली महिलाओं के खाते में नवंबर-दिसंबर की बकाया राशि डाली गई। इस योजना के तहत करीब 850 करोड़ रुपये महिलाओं के खाते में डाले गए हैं। बता दें कि 8 मार्च को महिला दिवस के मौके पर विभिन्न जगहों पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। कुछ जगहों पर महिलाओं के लिए बस में फ्री यात्रा की भी घोषणा की गई।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.