मध्य प्रदेश के उज्जैन पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में मधुमक्खियों के हमले से थाना प्रभारी रमेश कुमार धुर्वे की मौत हो गई और तीन अन्य जवान घायल हो गए। अचानक तेज हवा के चलते मधुमक्खियों ने हमला किया, जिससे पुलिसकर्मी बच नहीं सके। घटना के बाद घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में स्थित पुलिस प्रशिक्षण स्कूल पर बुधवार को अचानक मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। इस हमले की चपेट में चार पुलिसकर्मी आ गए और एक इंस्पेक्टर सहित तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में थाना प्रभारी रमेश कुमार धुर्वे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य जवानों का इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, मक्सी रोड पर स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में चार पुलिस जवान एक स्थान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान तेज हवा चली और अचानक मधुमक्खियों के एक झुंड ने पुलिस दल पर हमला बोल दिया। चारों पुलिस जवानों को बचने का मौका नहीं मिला।
जब तक वे अपने बचाव की सोचते, मधुमक्खियों ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया था। बड़ी तादाद में मधुमक्खियां थीं और चारों जवान उनकी गिरफ्त में आ गए। बताया गया है कि मधुमक्खियों का हमला इतना ज्यादा था कि इसमें पवासा थाना प्रभारी रमेश कुमार धुर्वे की मौत हो गई। जवान दिनेश पटेल तथा अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हैं। सभी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। घायल जवान दिनेश पटेल ने बताया है कि हमला इतनी तेजी से हुआ कि वे समझ ही नहीं पाए। पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के आसपास मधुमक्खी का कोई छत्ता नहीं था। मधुमक्खियां अचानक कहां से आईं, पता भी नहीं चला।
उपचार कर रहे चिकित्सक का कहना है कि भले ही मधुमक्खियों का हमला सामान्य लगता है, मगर जब बड़ी संख्या में मधुमक्खियां हमला कर देती हैं तो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो जाता है और इसमें जान तक जाने का खतरा रहता है। पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में मौजूद जवानों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और घायल जवानों को अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल में उपचार जारी है।


Download Android App
Download iOS App



