मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में गणगौर विसर्जन के लिए कुएं की सफाई करने उतरे आठ मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, खंडवा जिले के छैगांवमाखन क्षेत्र के कोंडावत गांव में गणगौर विसर्जन के लिए कुएं की सफाई के दौरान उतरा एक व्यक्ति दलदल में फंस गया। उसे बचाने के प्रयास में एक के बाद एक सात और लोग कुएं में उतरे और वे भी दलदल में फंस गए। कुएं में जहरीली गैस से दम घुटने के कारण सभी आठ व्यक्तियों का असामयिक निधन हो गया।
सीएम मोहन यादव ने जताया दुख
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस बल, जिला प्रशासन, होम गार्ड्स एवं एसडीईआरएफ की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुर्घटना में आठ लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, दुख की इस घड़ी में सभी शोकाकुल परिजनों के साथ मेरी गहरी शोक संवेदनाएं हैं। उन्होंने बताया कि सभी मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं।
खंडवा जिले अंतर्गत छैगांवमाखन क्षेत्र के कोंडावत गांव में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में गणगौर विसर्जन के लिए कुएं की सफाई हेतु उतरे एक व्यक्ति के दलदल में फंसने पर बचाने के प्रयास में एक के बाद एक कुएं में उतरे अन्य सात व्यक्ति भी अंदर फंस गए, कुएं में जहरीली गैस से दम घुटने के कारण…
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) April 3, 2025
दम घुटने से हुई मौत
उन्होंने बाबा महाकाल से सभी दिवंगत आत्माओं की शांति और उनके शोकाकुल परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने भी हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि खंडवा जिले के छैगांव माखन क्षेत्र के कोंडावत ग्राम में गणगौर माता विसर्जन के लिए गांव के कुएं में सफाई के लिए उतरे आठ ग्रामवासियों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें एवं प्रियजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।


Download Android App
Download iOS App



