White House Firing: व्हाइट हाउस के पास फायरिंग से हड़कंप, ट्रंप की मौजूदगी में चलीं गोलियां; संदिग्ध हमलावर गिरफ्तार

Summary :

White House Firing: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब राष्ट्रपति आवास ‘व्हाइट हाउस’ के पास गोलीबारी की घटना सामने आई। घटना के वक्त अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump व्हाइट हाउस परिसर में ही मौजूद थे। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए पूरे इलाके को घेर लिया और संदिग्ध हमलावर को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। सीक्रेट सर्विस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ संदिग्ध रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोलीबारी करने वाले संदिग्ध को यूनाइटेड स्टेट्स सीक्रेट सर्विस के जवानों ने जवाबी कार्रवाई में घायल कर दिया। बाद में उसे इलाज के लिए…

White House Firing: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब राष्ट्रपति आवास ‘व्हाइट हाउस’ के पास गोलीबारी की घटना सामने आई। घटना के वक्त अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump व्हाइट हाउस परिसर में ही मौजूद थे। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए पूरे इलाके को घेर लिया और संदिग्ध हमलावर को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।

सीक्रेट सर्विस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ संदिग्ध

रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोलीबारी करने वाले संदिग्ध को यूनाइटेड स्टेट्स सीक्रेट सर्विस के जवानों ने जवाबी कार्रवाई में घायल कर दिया। बाद में उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी सुरक्षाकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।

FBI और सीक्रेट सर्विस ने संभाला मोर्चा

घटना की पुष्टि करते हुए Kash Patel ने सोशल मीडिया पर बताया कि एफबीआई की टीम मौके पर मौजूद है और सीक्रेट सर्विस के साथ मिलकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और समय-समय पर नई जानकारी साझा की जाएगी।

व्हाइट हाउस की छत पर तैनात हुई स्नाइपर टीमें

फायरिंग के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने व्हाइट हाउस परिसर की सुरक्षा और बढ़ा दी। सीक्रेट सर्विस की स्नाइपर टीमें व्हाइट हाउस की छत पर तैनात दिखाई दीं। सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में यह एक मानक सुरक्षा प्रक्रिया होती है, जिसमें ऊंचे स्थानों से पूरे इलाके पर नजर रखी जाती है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, गोलीबारी 17 स्ट्रीट और पेनसिल्वेनिया एवेन्यू नॉर्थवेस्ट के पास हुई, जो व्हाइट हाउस कॉम्प्लेक्स के बेहद करीब का इलाका है।

पूरे इलाके को कराया गया खाली

घटना के बाद हथियारों से लैस सीक्रेट सर्विस एजेंट व्हाइट हाउस के नॉर्थ लॉन क्षेत्र में लगातार गश्त करते नजर आए। सुरक्षा कारणों से व्हाइट हाउस प्रेस ब्रीफिंग रूम को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।

मौके पर मौजूद पत्रकारों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाने के निर्देश दिए गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इलाके में करीब 20 राउंड फायरिंग की आवाजें सुनी गईं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी

घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे वॉशिंगटन डीसी में निगरानी बढ़ा दी है। व्हाइट हाउस के आसपास अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है और आने-जाने वाले वाहनों की जांच भी तेज कर दी गई है।

अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि हमला किसी बड़े षड्यंत्र का हिस्सा था या फिर अकेले हमलावर की कार्रवाई।

जानिए ! क्या है व्हाइट हाउस ?

White House अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक निवास और कार्यस्थल है। यह वॉशिंगटन डीसी में स्थित दुनिया की सबसे सुरक्षित और चर्चित इमारतों में से एक मानी जाती है।

व्हाइट हाउस में ही अमेरिकी राष्ट्रपति रहते हैं, विदेशी नेताओं से मुलाकात करते हैं और कई अहम सरकारी फैसले लिए जाते हैं। इसे अमेरिकी सत्ता और राष्ट्रपति पद का प्रतीक भी माना जाता है।

व्हाइट हाउस के प्रमुख हिस्से

ओवल ऑफिस (Oval Office) – राष्ट्रपति का मुख्य कार्यालय
वेस्ट विंग (West Wing) – राष्ट्रपति और वरिष्ठ सलाहकारों के दफ्तर
ईस्ट विंग (East Wing) – प्रथम महिला और प्रशासनिक कार्यालय
रेजिडेंस (Residence) – राष्ट्रपति और उनके परिवार का आवास

1800 से राष्ट्रपति का आधिकारिक निवास

व्हाइट हाउस का निर्माण वर्ष 1792 में शुरू हुआ था और साल 1800 से अमेरिकी राष्ट्रपति यहां रहने लगे। John Adams व्हाइट हाउस में रहने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति थे।

फिलहाल गोलीबारी की इस घटना को लेकर जांच एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

Shera Rajput