कर्नाटक के कॉलेजों में हुई हंगामेदार शुरुआत, CM ने की शांति की अपील, जानें कहां-कहां लागू हुई धारा 144

Summary :

देश में जारी हिजाब विवाद के बीच कर्नाटक में प्री-यूनिवर्सिटी और डिग्री कॉलेज आज फिर से खुल गए हैं।

देश में जारी हिजाब विवाद के बीच कर्नाटक में प्री-यूनिवर्सिटी और डिग्री कॉलेज आज फिर से खुल गए हैं। हालांकि, कई क्षेत्रों से छात्रों और कॉलेज के अधिकारियों के बीच विवाद की खबरें आ रही हैं। इन खबरों के मुताबिक छात्राओं को हिजाब उतार क्र स्कूल में प्रवेश करने के लिए कहा गया तो छात्राएं प्रदर्शन करने लगी। बताते चलें कि कर्नाटक हाई कोर्ट आज दोपहर 2.30 बजे मामले की सुनवाई फिर से शुरू करेगा। इस बीच, बागलकोट, बैंगलोर, चिक्काबल्लापुरा, गडग, शिमोगा, तुमकुर, मैसूर, उडुपी और दक्षिण कन्नड़ में धारा 144 लागू कर दी गई है।
शिवमोग्गा में 30 छात्रों ने हिजाब उतारने से किया इंकार 
कर्नाटक के शिवमोग्गा में 30 छात्रों को हाई कोर्ट के आदेश के अनुसार स्कार्फ हटाने के लिए कहा गया जिसके बाद वह कक्षाओं से बाहर चले गए। कथित तौर पर उन्हें पहले कक्षा में हिजाब पहनने की अनुमति दी गई थी। वहीं इस मामले पर मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने अपील करते हुए कहा कि “कॉलेज आज फिर से खुल रहे हैं। मेरा अनुरोध है कि अदालत के आदेश का सम्मान किया जाए। अंतिम आदेश की प्रतीक्षा करें। कॉलेज के अंदर प्रबंधन, शिक्षकों और छात्रों को मतभेदों को सुलझाना चाहिए। सभी मुद्दों का समाधान किया जाएगा। बच्चों के लिए शिक्षा महत्वपूर्ण है। उसके लिए एक अच्छा वातावरण बनाया जाना चाहिए।”
कांग्रेस ने विधानसभा में की एस ईश्वरप्पा को हटाने की मांग 
शिवमोग्गा के अलावा कर्नाटक के विजयपुरा जिले के भी एक कॉलेज में छात्रों और अधिकारियों का सुबह आमना-सामना हुआ। अधिकारियों ने एक खाली कमरे की पेशकश की जहां छात्र अपना हिजाब हटा सकते थे और कक्षाओं में प्रवेश कर सकते थे। हालांकि, छात्रों ने हिजाब के साथ कक्षा में बैठने पर जोर दिया। बताते चलें कि कर्नाटक विधानसभा में कांग्रेस ने ईश्वरप्पा को उनके ‘तिरंगे की जगह भगवा झंडा’ वाली टिप्पणी के लिए हटाने की मांग की है। साथ ही उनके खिलाफ देशद्रोह का आरोप लगाने की भी मांग की। कर्नाटक के मंत्री के एस ईश्वरप्पा ने दावा किया था कि भगवा झंडा भविष्य में किसी समय राष्ट्रीय ध्वज बन सकता है।

दिल्ली पुलिस का 75वां स्थापना दिवस, अमित शाह ने जाबांज पुलिस कर्मियों को पदक देकर किया सम्मानित

Desk Team