कर्नाटक की क्षेत्रीय राजनीतिक पार्टी जनता दल सेक्यूलर (जेडीएस) को बड़ा झटका लगा है। कर्नाटक विधान परिषद के सभापति और उसके सदस्य के पद से सोमवार को इस्तीफा देने के बाद वरिष्ठ नेता बसवराज होराती बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। होराती ने मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सी टी रवि, राज्य सरकार के मंत्री आर अशोक, गोविंद करजोल, सी सी पाटिल और अन्य की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
45 सालों से विधान परिषद के सदस्य रहे हैं
बोम्मई ने कहा, ‘‘बसवराज होराती लगभग 45 सालों से विधान परिषद के सदस्य रहे हैं और उन्होंने सभापति और मंत्री के तौर पर काम किया है। उनके पास बहुत सारा अनुभव है और सब उनका सम्मान करते हैं।

वह शिक्षकों के लिए काम करते रहे हैं। भाजपा में शामिल होने का निर्णय लेने के बाद उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की और अपने पद से इस्तीफा देने के बाद आज पार्टी का दामन थाम लिया।”
मिल सकता है ये मौका
मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा कि होराती के पार्टी में शामिल होने के मौके पर शीघ्र ही हुब्बल्ली में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। होराती जनता दल (सेक्युलर) का दामन छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। वह 1980 से लगातार सात बार विधान परिषद के सदस्य चुने गए। पार्टी उन्हें आगामी विधान परिषद चुनाव में पश्चिम शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बना सकती है।
कर्नाटक की सत्ता में काबिज भाजपा अपने प्रदेश संगठन को और मजबूत करने के लिए लगातार कई कदम उठा रही है। ताकि विपक्षी दल कांग्रेस को कमजोर किया जा सके।


Download Android App
Download iOS App



