केरल : ईंधन के दामों में इजाफे के खिलाफ विपक्ष कर रहा प्रदर्शन, कांग्रेस विधायक साइकिल से पहुंचे विधानसभा

Summary :

केरल में महंगाई और ईंधन के दामों में लगी आग ने पिनाराई विजयन की सरकार को सवालों के घेरे में लाकर खड़ा कर दिया है।

केरल में महंगाई और ईंधन के दामों में लगी आग ने पिनाराई विजयन की सरकार को सवालों के घेरे में लाकर खड़ा कर दिया है। विपक्ष इस मुद्दे पर विरोध कर रहा है, केरल में पेट्रोल और डीजल पर कर नहीं हटाने के राज्य सरकार के रुख के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए विपक्षी पार्टी के एक विधायक सोमवार को यानी आज साइकिल से विधानसभा पहुंचे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कोवलम सीट से विधायक एम विंसेंट जब साइकिल से विधानसभा परिसर पहुंचे तो आसपास से गुजर रहे लोगों और सदन के कर्मचारियों के लिए वह आकर्षण का केंद्र हो गए। उन्होंने ईंधन की बढ़ती कीमतों को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के राज्य व्यापी ‘चक्का जाम’ प्रदर्शन के प्रति एकजुटता दिखाते हुए विरोध का यह तरीका चुना। विधायक ने परिसर में अपने ‘वाहन’ को एक लग्जरी कार के नजदीक, पार्किंग में खड़ा किया।
विंसेंट ने कहा कि राज्य सरकार पेट्रोल और डीजल पर कर न घटा कर, आम लोगों को लूट रही है। इसी बीच कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ईंधन मूल्य वृद्धि के विरोध में सुबह जिला मुख्यालयों में 15 मिनट का ‘‘चक्का जाम’’ प्रदर्शन किया। केपीसीसी प्रमुख के सुधाकरन ने पहले ही यह स्पष्ट कर दिया था कि विरोध प्रदर्शन इस तरह होगा कि इससे यातायात बाधित नहीं होगा और न ही आम लोगों को दिक्कत होगी।

Desk Team