केरल में अल्पविराम के बाद गुरुवार को राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ भारी बारिश हुई। वहीं, मौसम विभाग ने अत्याधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताते हुए राज्य के आठ जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अपने ताजा अपडेट में आठ जिलों- पतनमथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझीकोड, वयनाड और कन्नूर- के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
विभाग ने गुरुवार के लिए तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, अलप्पुझा, एर्नाकुलम, त्रिशूर और कासरगोड जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया। आईएमडी ने एक बयान में कहा,”दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में सक्रिय है। राज्य के अधिकतर भागों में बारिश हुई और लक्षद्वीप के भी कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की गई।” बयान के मुताबिक, पलक्कड़ जिले के पराम्बिकुलम में 12 सेंटीमीटर बारिश जबकि एर्नाकुल के पल्लूरुथी में 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
इसके मुताबिक, केरल तट पर गुरुवार को 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है इसलिए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। केरल के दक्षिण-मध्य में 15 और 16 अक्टूबर को भारी बारिश के बाद भूस्खलन होने की घटनाओं में 42 लोगों की मौत हो गई थी।


Download Android App
Download iOS App



