कोरोना की चपेट में आई देश की दिग्गज गायिका लता मंगेशकर, ICU में हुई भर्ती, भतीजी ने दिया हेल्थ अपडेट

Summary :

देश की दिग्गज गायिका लता मंगेशकर कोरोना वायरस से संक्रमित पायी गयी हैं जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भारत में कोरोना के मामले जिस रफ्तार से बढ़ रहे हैं वह चिंताजनक विषय है, इस बीच कई बड़े नेता और फिल्म जगत के लोग भी इस संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। देश की दिग्गज गायिका लता मंगेशकर भी कोरोना वायरस से संक्रमित पायी गयी हैं जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गायिका का वर्तमान में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में इलाज चल रहा है। उनकी भतीजी रचना ने पुष्टि करते हुए कहा कि भारत लता मंगेशकर में कोरोना के हल्के लक्षण हैं। 
भतीजी रचना ने दिया लता मंगेशकर का हेल्थ अपडेट 
बताते चलें कि वृद्धावस्था में स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों को देखते हुए लता मंगेशकर को आईसीयू में स्थानांतरित कर दिया गया है। गायिका के स्वास्थ्य पर एक अपडेट देते हुए, उनकी भतीजी रचना ने बताया, “वह ठीक हैं, उनकी उम्र को देखते हुए केवल एहतियाती कारणों से उन्हें आईसीयू में रखा गया है। कृपया हमारी निजता का सम्मान करें और दीदी को अपनी प्रार्थनाओं में रखें।”
लता मंगेशकर ने भारत रत्न समेत कई पुरस्कार हासिल किए 
28 सितंबर, 1929 को जन्मी लता मंगेशकर को कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों के अलावा दादा साहब फाल्के पुरस्कार और फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार, लीजन ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया था। वह भारतीय सिनेमा की महान गायिकाओं में से हैं। उन्हें स्वर कोकिला के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कथित तौर पर 1948 और 1974 के बीच 25,000 से अधिक गाने गाए थे। वह 2001 में भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न की प्राप्तकर्ता बनीं।

Desk Team