कई सप्ताह पहले कांग्रेस छोड़ तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने और तृणमूल से भी बिना कारण बताए रविवार को नाता तोड़ने वाले गोवा में कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एलेक्सो रेजिनाल्डो लौरेंको ने सोमवार को संकेत दिया कि वह अपनी मूल पार्टी में वापस आ रहे हैं। उन्होंने अपने समर्थकों और शुभचिंतकों से भी अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने के फैसले को लेकर की गई ‘गलती’ पर माफी मांगी।
TMC में शामिल होने से ‘बाहरी पार्टी’ को मिलेगा न्योता :लौरेंको
लौरेंको ने पणजी में सोमवार को संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने के बाद उन्हें गंभीर प्रतिघात का सामना करना पड़ा जिसने ‘नयी सुबह’ का वादा किया था। उन्होंने कहा कि उनके समर्थकों को आशंका थी कि तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने से गोवा में ‘बाहरी पार्टी’ को न्योता मिलेगा और उससे मतों में बिखराव होगा।
लौरेंको ने बिना कोई कारण बताए दे दिया था TMC से इस्तीफा
बता दें कि लौरेंको ने दिसंबर महीने में कर्टोरिम सीट से विधायक पद के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था और तृणमूल में शामिल हो गए थे। उस समय वह गोवा में कांग्रेस इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष थे। लौरेंको ने रविवार को बिना कोई कारण बताए तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पार्टी छोड़ने के अपने फैसले से ममता बनर्जी को पत्र लिखकर अवगत कराया।
ममता बनर्जी की पार्टी में शामिल होना थी लौरेंको की ‘गलती’
उन्होंने सोमवार को कहा कि ममता बनर्जी की पार्टी में शामिल होना उनकी ‘गलती’ थी और अब वह पुराने व्यक्ति की तरह रहना चाहते हैं जिसपर लोग भरोसा करते हैं। लौरेंको ने संवाददाताओं से कहा,‘‘मैंने (तृणमूल में जाने से) कई दोस्तों, करीबियों व समर्थकों को आहत किया। मैं अपने परिवार के सदस्यों को भी आहत किया जो मेरे हर अच्छे-बुरे समय में साथ खड़े रहे।’’
भविष्य की रणनीति के बारे में लौरेंको ने कहा कि उनके समर्थकों ने कांग्रेस में दोबारा शामिल होने को कहा है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस नेता माइकल लोबो ने मुझे दोबारा कांग्रेस पार्टी में शामिल होने को कहा है। मैं अपने लोगों की बात सुनूंगा कि वे क्या कहते हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



