छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में युवती का अपहरण कर उसके साथ रेप करने और फिर उसके कपड़े से ही फांसी लगाकर हत्या करने का असफल प्रयास करने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार जिले के झगराखंड थाना क्षेत्र के कोडा गांव में दो युवकों ने एक युवती का कल शाम उसके घर से अपहरण कर लिया और उसे उठाकर जंगल में ले जाकर उसके साथ मारपीट की।
इस दौरान युवकों ने युवती के साथ अनाचार किया।फिर इन लोगों ने अपना अपराध छुपाने की नियत से युवती को निर्वस्त्र कर उसके ही कपड़े से फांसी का फंदा लगाकर पेड़ पर टांग दिया और भाग गए। फंदा कमजोर होने से वह नीचे गिर पड़ी और किसी तरह अपनी जान बचाई। रात के अंधेरे में युवती किसी तरह जंगल मे भटकते हुए बिलासपुर जिले के मरवाही थाना क्षेत्र के डोंगराटोला गांव पहुंची और गांव वालों को अपने साथ हुई घटना के बारे में जानकारी दी।
जिस पर ग्रामीणों ने तत्काल उसे उसके गांव पहुंचाया और उसके बाद झगराखण्ड पुलिस को इस बात की जानकारी दी गई।पुलिस ने दोनों ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित के पिता ने बताया कि दो वर्ष पूर्व आरोपी विनोद द्वारा उसकी बेटी से छेड़छाड़ की गई थी इस मामले में आरोपी को तीन महीने की जेल भी हुई थी।जेल से छूट कर आने के बाद पूरे परिवार से आरोपी रंजिश रखता था,और उसने इस वारदात को अंजाम दिया।


Download Android App
Download iOS App



