रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आज कहा कि बस जनता के जागने की देर है, जनता स्वयं विकास के लिये शासन और प्रशासन पर दबाव बनायेगी। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखण्ड मंत्रालय से 32 हाड्रोलिक हाईटेक एलईडी प्रचार वैन को झारखण्ड के 24 जिलों के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि आज आजादी के 70 वर्ष बाद भी बहुतेरी जनसंख्या समाचार पत्र और इलेक्ट्रॉनिक चैनल से दूर है, वहां हाट बाजार में यह वैन प्रचार प्रसार और सीधी बात के माध्यम से उन्हें सरकार की योजनाओं से रूबरू करायेगी।
उन्होंने कहा कि शासन के शीर्ष स्थल झारखण्ड मंत्रालय के कर्मियों के बीच से इसे विदा करने का उद्देश्य यह है कि मंत्रालय भी अपने कार्य का स्तर इतना ऊंचा करे ताकि हम सब अगले ढाई से तीन वर्षों में झारखण्ड को देश का सबसे अव्वल राज्य बना सकें। उन्होंने कहा कि सरकार आपके द्वारा शुरू हुई जनता की सरकार है तथा जनता और सरकार के बीच की दूरी भी मिट गई है। हम स्वयं जनता के बीच जाकर उनका कार्य करेंगे।
मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर इस शुरूआत को महत्वपूर्ण बताते हुये कहा कि इससे जुड़े सभी लोग पूरी ईमानदारी और निष्ठा पूर्वक कार्य करें ताकि इसके उद्देश्यों को पूरा किया जा सके। उन्होंने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को इसका तत्परता से पर्यवेक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हम एक वैन पर प्रतिमाह 2 लाख 72 हजार व्यय करेंगे, अत: इसके व्यापक उद्देश्य और महत्व को देखते हुए सरकार इस माध्यम से प्रचार कर रही है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विकास आयुक्त अमित खरे ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य व्यापक है।
सरकार के सभी विभागों के कार्यों को इसके माध्यम से जनता तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही रांची में मीडिया के लिए बने प्रेस क्लब के नये भवन का उद्घाटन होगा। इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रधान सचिव, सह मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार ने कहा कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के यह 32 एलईडी वैन जागरूकता दूत हैं, जो विभिन्न जिलों में जाकर सरकार के संदेश का प्रसारण करेंगे। उन्होंने बताया कि जीपीएस एवं निगरानी कैमरा के माध्यम से इस पर नियंत्रण एवं कारगर पर्यवेक्षण किया जा सकेगा।


Download Android App
Download iOS App



