ग्वालियर : शहर के पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों को इस प्रकार से अंतिम रूप दें, जिससे पर्यटन स्थल खूबसूरत लगें और पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र बनें। पर्यटन स्थलों पर पेयजल, शौचालय इत्यादि जन सुविधायें भी बेहतर से बेहतर हों। यह निर्देश संभाग आयुक्त श्री बी एम शर्मा ने पर्यटन विकास निगम के अधिकारियों को दिए। उन्होंने भारत सरकार की स्वदेश दर्शन योजना के तहत ग्वालियर में हैरीटेज सर्किट के अंतर्गत किए जा रहे पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों का जायजा लिया। संभाग आयुक्त बी एम शर्मा ने बैजाताल, बारादरी व इटालियन गार्डन क्षेत्र में लैण्ड स्केपिंग का कार्य सुव्यवस्थित न होने पर नाराजगी जताई।
उन्होंने पर्यटन विकास निगम के अधिकारियों को हिदायत दी कि लैण्ड स्केपिंग को और बेहतर करें। साथ ही आकर्षक फुलवारी व पौध रोपण से पर्यटन स्थलों को सुसज्जित करें। शर्मा ने ग्वालियर दुर्ग पर बनाए गए कैफेटेरिया, जन-सुविधा परिसर और उरवाई गेट के समीप बने शौचालय में जल्द से जल्द पानी की व्यवस्था करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने तानसेन रेसीडेंसी के विस्तार की कार्ययोजना तैयार करने की हिदायत भी पर्यटन विकास निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक को दी।
भ्रमण के दौरान संभाग आयुक्त ने बैजाताल, बारादरी, ग्वालियर दुर्ग के उरवाई गेट और हैरीटेज सर्किट में शामिल अन्य पर्यटन स्थलों पर कराए जा रहे विकास कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। इस मौके पर राज्य पर्यटन विकास निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक एम एस राणा व कार्यपालन यंत्री एम एस डंडौतिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी उनके साथ थे। सरकार ने पर्यटन स्थलों के विकास के लिये लगभग 27 करोड रूपए की राशि मंजूर की है।
इसमें से बैजाताल क्षेत्र के विकास के लिये लगभग 6 करोड़ फलूबाग बारादरी फलूबाग बारादरी के लिये लगभग एक करोड़, इटालियन गार्डन क्षेत्र के लिये लगभग तीन करोड़, गोपाल मंदिर क्षेत्र के विकास के लिये करीबन एक करोड़, रानी लक्ष्मीबाई समाधि परिसर के विकास के लिये लगभग डेढ़ करोड़ तथा ग्वालियर दुर्ग पर उरवाई गेट सास-बहू मंदिर, गुरूद्वारा एवं तेली के मंदिर के समीप विकास कार्यों के लिये मंजूर हुई लगभग साढ़े तीन करोड़ रूपए की राशि शामिल है।


Download Android App
Download iOS App



