पश्चिम बंगाल में सात महीने से ज्यादा समय के बाद बुधवार से उपनगरीय ट्रेन सेवाओं का परिचालन शुरू हो गया। कोविड-19 के मद्देनजर प्रशासन कड़ी निगरानी रख रहा है और यात्री भी नियमों का पालन करते हुए देखे गए। पूर्व और दक्षिण पूर्व रेलवे के तहत चलने वाली लोकल ट्रेन सेवाओं का आज तड़के से परिचालन शुरू हो गया।
कोविड-19 महामारी के मद्देनजर ये सेवाएं रोक दी गईं थीं। भले ही इन ईएमयू ट्रेनों में अभी कोरोना काल से पहले की तरह भीड़ नहीं देखी गई लेकिन धीरे-धीरे यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है क्योंकि लोग कम खर्चीले यात्रा साधनों का उपयोग करना ज्यादा बेहतर समझते हैं।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे कोविड-19 नियमों का पालन करें । स्टेशन परिसरों और ट्रेनों के भीतर मास्क पहनना अनिवार्य है। एक अधिकारी ने बताया कि पूर्वी रेलवे सियालदह खंड में 413 उपनगरीय ट्रेनें जबकि हावड़ा खंड में 202 ट्रेनें बुधवार से चलनी शुरू हो गई हैं । वहीं दक्षिण-पूर्व रेलवे 81 नियमित ट्रेनों का परिचालन कर रहा है।


Download Android App
Download iOS App



