भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल के बीरभूम में हुई हिंसा मामले को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपे जाने पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हताश हैं। भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस को तालिबानी मानसिकता कांग्रेस कहें तो यह अतिशयोक्ति नहीं होगी।
बंगाल में न्याय होना मुमकिन ही नहीं :संबित पात्रा
उन्होंने कहा कि बीरभूम मामले में हम न्यायपालिका को धन्यवाद देते हैं। तीन दिन पहले ममता बनर्जी बीरभूम में जाकर भाजपा को घेरने की चेष्टा कर रही थी। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपी है। न्यायालय को भी लगता है कि बंगाल में तो न्याय हो ही नहीं सकता। उन्होंने कहा कि तृणमूल के नेता अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उनके विधायक भाजपा के समर्थकों को धमकाते हैं।
नरसंहार का मजाक बनाना निंदनीय
पात्रा ने कहा ‘आज हमने अखबार में लेख पढ़े कि 350 क्रूड बम बीरभूम में मिले हैं। पश्चिम बंगाल बम और बारूद के ढेर पर बैठा है। उसे सुलगाने का काम खुद तृणमूल के विधायक अपनी धमकियों से कर रहे हैं। यह पहली बार नहीं है। राज्य में हुए पिछले कई चुनाव में भी इस तरह की धमकियां दी गई थीं।’ उन्होंने‘कश्मीर फाइल्स’ फिल्म को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कई राज्यों ने कश्मीर फाइल्स को कर मुक्त किया, कुछ ने नहीं किया, यह राज्य सरकारों का निर्णय है, लेकिन नरसंहार का मजाक बनाना निंदनीय है।


Download Android App
Download iOS App



