महाराष्ट्र में हनुमान चालीसा और लाउडस्पीकर पर मचा बवाल धीरे-धीरे बढ़ता ही जा रहा है, राज ठाकरे का राज्य की एमवीए सरकार को दिया हुआ लाउडस्पीकर हटाने का अल्टीमेटम खत्म होने की कगार पर है। वहीं दूसरी तरफ अब ठाकरे की औरंगाबाद रैली में दिए भाषण पर पलटवार करते हुए एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि इनका बयान हिंसा को उकसाने वाला है। उन्होंने पूछा कि राज ठाकरे के इस विवादित बयान पर पुलिस संज्ञान क्यों नहीं ले रही है। महाराष्ट्र बड़ा है या फिर एक व्यक्ति राज्य से बड़ा हो गया है?
राज ठाकरे के बयान पर क्यों नहीं हो रही कार्रवाई :ओवैसी
ओवैसी ने आगे कहा कि जब लोकसभा सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा पर कार्रवाई हो सकती है तो मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के चचेरे भाई राज ठाकरे पर कार्यवाही क्यों नहीं हो रही? इतना ही नहीं ओवैसी ने आगे यह भी कहा कि अगर पुलिस राज ठाकरे को जेल में दाल देगी तो उनका दिमाग कुछ ठंडा हो जाएगा। महाराष्ट्र में शिवसेना की सरकार है और सीएम उद्धव ठाकरे अपने भाई के खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं करना चाहते हैं। उन्होंने सीएम से पूछा क्या महाराष्ट्र को दिल्ली बनाना चाहते हैं? इस पूरे मामले में एनसीपी क्या कर रही है?
ओवैसी ने राज ठाकरे को कहा कि आप ऐसी बात सिर्फ इसलिए कर पा रहे हैं क्योंकि आपका भाई मुख्यमंत्री है, सब भाई एक ही जैसे हैं। उन्होंने पूछा क्या राज ठाकरे महाराष्ट्र में अराजकता फैलाने का प्रयास नहीं कर रहे हैं? इसके साथ ही उन्होंने राज्य सरकार को अंधा बताया और कहा की इन्होंने पूरे मुस्लिम समुदाय को परेशान कर रखा है।


Download Android App
Download iOS App



