देहरादून : मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण ने जाखन से कुठालगेट तक लगभग साढ़े तीन सौ दुकानों को ध्वस्तीकरण का नोटिस दिया है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद एमडीडीए ने ये कदम उठाया है। उधर, जाखन व्यापार मंडल ने नोटिस का विरोध किया है। आरोप लगाया है कि जाखन में ज्यादातर दुकानें 40 साल पुरानी हैं। नोटिस के अनुसार, लगभग 100 दुकानें पूरी तरह से ध्वस्त होंगी। बाकी दुकानें आधी ध्वस्त होंगी।
व्यापारियों ने मांग की है कि सरकार उनके लिये अध्यादेश लाये। हाईकोर्ट के आदेश के बाद एमडीडीए ने शहर के विभिन्न बाजारों का सर्वे किया है। सर्वे समाप्त होने के बाद नोटिस की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। रविवार को माता मंदिर व्यापार समिति से जुड़े व्यापारियों ने भी प्रदर्शन कर विरोध जताया था। अब जाखन से कुठालगेट के व्यापारी भी विरोध में उतर आये। एमडीडीए ने यहां पर लगभग साढ़े तीन सौ व्यापारियों को ध्वस्तीकरण के नोटिस दिये हैं।
जाखन व्यापार मंडल के संयोजक जगदीश चौहान ने बताया कि बुधवार को 11 से दो बजे तक नोटिस के विरोध में बाजार बंद रखा जायेगा। इस दौरान सभी व्यापारी जुलूस निकालेंगे। एक ज्ञापन मुख्यमंत्री और शहरी विकास मंत्री को दिया जायेगा। बैठक में राजेश शर्मा, अश्वनी साही, राजीव अरोड़ा, विजय सागर ओबरॉय, चेतन ओबरॉय, प्रेम साहू, नरेश जुनेजा, राकेश माकिज अदि शामिल रहे।


Download Android App
Download iOS App



