झारखंड की मुख्य सचिव राजबाला वर्मा ने कहा कि राज्य में पूंजी निर्माण की दिशा में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। मुख्य सचिव श्रीमती वर्मा ने आज यहां होटल बीएनआर चाणक्या में वाई फॉर बिज द्वारा इन्टरप्रोन्योरशिप को लेकर आयोजित कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में कहा कि इसके लिए सरकार की सबल नीतियों को आधार बनाकर पूंजी निवेश की संभावनाओं पर गम्भीरता से विचार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि युवा जॉब सीकर न बनें बल्कि जॉब प्रोबाईडर बनें।
श्रीमती वर्मा ने कहा कि सरकार के पास बेहतरीन नीतियां हैं तथा कई नीतियों में युवाओं को उद्यम की दिशा में प्रोत्साहित करने के लिये बदलाव भी किया गया है। सरकार की नीतियों का फायदा उठाकर राज्य के विकास में युवा बड़े सहयोगी बन सकते हैं। वाई फॉर बिज ;यूथ फॉर बिजनेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम द्वारा इस क्षेत्र में एक बड़ी पहल की गई है जिसका लाभ युवा उठा सकते हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास का सपना है कि राज्य के युवाओं को प्रोत्साहित करने वाला एक ऐसा सिस्टम विकसित किया जाये जिससे युवाओं में स्वरोजगार के सपने को साकार किया जा सके।
श्रीमती वर्मा ने कहा कि झारखंड में रोड सेफ्टी जैसे बिन्दुओं पर भी काफी काम हुआ है, करीब 700 ब्लैक स्पॉट को चिह्नित कर काम किया जा रहा है। इसके अलावा ऐसे तमाम ब्लैक स्पॉट को भी नजदीकी हॉस्पिटल के साथ टैग किया जा चुका है। राज्य में तसर के क्षेत्र में उद्योग की संभावनाएं हैं क्योंकि पूरे देश का 60 प्रतिशत तसर का उत्पादन राज्य में होता है। कार्यक्रम में सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव सतेन्द्र सिंह, विभाग के निदेशक यू.पी सिंह सहित उद्यमिता से जुड़े कई शख्सियतें उपस्थित थी।


Download Android App
Download iOS App



