माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा है कि देश ‘‘अभूतपूर्व आर्थिक संकट’’ का सामना कर रहा है और इसकी वजह नोटबंदी, जीएसटी तथा बीजेपी नीत राजग सरकार का सांठगांठ से चलने वाला पूंजीवाद है। वह रविवार को महाराष्ट्र में पालघर जिले के दहानू में माकपा उम्मीदवार विनोद निकोल के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि देश और इसके नागरिकों को बचाना है तो बीजेपी और शिवसेना को हराना जरूरी है। येचुरी ने कहा, ‘‘देश में आज अभूतपूर्व आर्थिक संकट बना हुआ है और इसकी वजह है बीजेपी सरकार का सांठगांठ वाला पूंजीवाद, गैर निष्पादित परिसंपत्तियां, जीएसटी तथा नोटबंदी।’’
होशंगाबाद: कार हादसे में राष्ट्रीय स्तर के 4 हॉकी खिलाड़ियों की मौत, कमलनाथ और शिवराज ने जताया शोक
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी स्वामित्व वाले बीएसएनएल तथा एमटीएनएल को बंद करने की ओर कदम बढ़ाए जा रहे हैं ताकि उद्योगपति मुकेश अंबानी के रिलायंस जियो को फायदा मिल सके। माकपा नेता ने कहा, ‘‘नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नारे जय हिंद की जगह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नया नारा ‘जियो हिंद’ बन गया है।’’
येचुरी ने यह आरोप भी लगाया कि कुछ उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनी बीपीसीएल को बंद करने की भी योजना है। उन्होंने दावा किया कि बीते 50 वर्ष के मुकाबले फिलहाल बेरोजगारी चरम पर है।
येचुरी ने कहा,‘‘वर्तमान प्रशासन की सबसे खराब बात यह है कि वह धर्म के आधार पर लोगों को बांट रहा है। सांप्रदायिक तनाव, पीट-पीटकर हत्या की घटनाएं लगातार हो रही हैं। कश्मीर मुद्दा और असम का राष्ट्रीय नागरिक पंजी इसके स्पष्ट उदाहरण हैं।’’ महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर 21 अक्टूबर को चुनाव होना है। मतगणना 24 अक्टूबर को होगी।


Download Android App
Download iOS App



