शिवसेना के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने बुधवार को कटाक्ष करते हुए कहा कि मनसे प्रमुख राज ठाकरे केंद्रीय जांच एजेंसियों से ‘छूट’ हासिल करने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘लाउडस्पीकर’ बन गए हैं।
हिंदुत्व शिवसेना की रगों में है
एक दिन पहले, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख ने समान नागरिक संहिता की वकालत की और देश में जनसंख्या वृद्धि को नियंत्रित करने की आवश्यकता पर बल दिया। राउत ने कहा कि ‘हिंदुत्व शिवसेना की रगों में है।’ उन्होंने कहा कि मनसे में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी शिवसेना से सीधे लड़ने की हिम्मत नहीं है।
बाल ठाकरे के पास सरकारों को अल्टीमेटम देने की क्षमता और शक्ति
तीन मई तक मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने के लिए महाराष्ट्र सरकार को मनसे प्रमुख के अल्टीमेटम दिए जाने पर राउत ने कहा कि केवल शिवसेना सुप्रीमो दिवंगत बाल ठाकरे के पास सरकारों को अल्टीमेटम देने की ‘‘क्षमता और शक्ति’’ थी। राउत ने आरोप लगाया, ‘‘राज ठाकरे को केंद्रीय जांच एजेंसियों से छूट मिल गई और वह भाजपा के लाउडस्पीकर बन गए हैं। यह लाउडस्पीकर हताशा में बज रहा है लेकिन लोग इसे बंद कर देंगे।’’


Download Android App
Download iOS App



