मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने गुरुवार को यानी आज कहा कि कॉमेडियन वीर दास को प्रदेश में कार्यक्रम (परफॉर्म) करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मध्य प्रदेश के गृह मंत्री ने एक सवाल के जवाब में यह बात कही। ‘आई कम फ्रॉम टू इंडियाज’ में की गई टिप्पणियों के लिए दास के खिलाफ पुलिस में कई शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।
उन्होंने कहा,‘‘हम ऐसे मसखरे को परफॉर्म नहीं करने देंगे। अगर वह माफी मांगते हैं तो हम इस पर विचार करेंगे।’’ मिश्रा ने कहा कि कुछ मसखरे हैं जो भारत को बदनाम करने की कोशिश करते हैं और कपिल सिब्बल तथा अन्य कांग्रेसी नेता उनके समर्थक हैं।
मंत्री ने कहा,‘‘ कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी विदेशी जमीन पर भारत को बदनाम करते है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख कमलनाथ भी ऐसा करते हैं।’’ दरअसल दास ने सोमवार को यूट्यूब पर एक वीडियो अपलोड किया था। ‘आई कम फ्रॉम टू इंडियाज’ शीर्षक वाले 6 मिनट का यह वीडियो वाशिंगटन डीसी के जॉन एफ कैनेडी सेंटर में उनके हालिया कार्यक्रम का हिस्सा है।
जानेमाने कलाकार ने इस वीडियो क्लिप में विभिन्न विषयों को छुआ। इन विषयों में कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन, कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई, बलात्कार एवं महिलाओं से संबंधित मुद्दे और कॉमेडियन के खिलाफ कार्रवाई शामिल है। वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें देश-विरोधी कहा जा रहा है और देश के तमाम हिस्सों में उनके खिलाफ शिकायतें भी दर्ज हो चुकी हैं।


Download Android App
Download iOS App



